मीरा-भायंदर में 1 अक्टूबर को ‘प्लॉग रन’, चलते-दौड़ते कचरा उठाकर दिया जाएगा स्वच्छता का संदेश

‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ की संकल्पना पर चलेगा अभियान, शहर के विभिन्न मार्गों से गोल्डन नेस्ट सर्कल तक पहुंचेंगे प्रतिभागी


मीरा-भायंदर। मीरा-भायंदर महानगरपालिका की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 1 अक्टूबर 2026 को ‘प्लॉग रन’ स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा। महानगरपालिका ने शहर के विद्यार्थियों, नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, बचत समूहों, स्थानीय संस्थाओं और विभिन्न संगठनों से बड़ी संख्या में अभियान में शामिल होने की अपील की है। प्लॉग रन के दौरान प्रतिभागी दौड़ते या पैदल चलते हुए रास्ते में पड़े प्लास्टिक, कागज और अन्य कचरे को एकत्र कर परिसर की सफाई करेंगे। ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ की संकल्पना के तहत आयोजित इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के साथ सड़कों पर कचरा न फेंकने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। महानगर पालिका का कहना है कि स्वच्छता केवल मनपा की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए शहर के अलग-अलग हिस्सों से प्लॉग रन के मार्ग निर्धारित किए गए हैं। सुबह 8 से 10 बजे तक आयोजित होने वाले प्लॉग रन के सभी मार्गों का समापन गोल्डन नेस्ट सर्कल, भायंदर पूर्व में होगा। इसके लिए मैक्सस मॉल से गोल्डन नेस्ट सर्कल, नगर भवन से मैक्सस मॉल होते हुए गोल्डन नेस्ट सर्कल, नवघर नाका हनुमान मंदिर से विमल डेयरी होते हुए गोल्डन नेस्ट सर्कल, आयुक्त निवास से सिनेमैक्स होते हुए गोल्डन नेस्ट सर्कल, मीरा रोड रेलवे स्टेशन से गोल्डन नेस्ट सर्कल तथा एस.के. स्टोन मैदान से गोल्डन नेस्ट सर्कल तक अलग-अलग मार्ग तय किए गए हैं। प्रतिभागियों द्वारा एकत्र किए गए कचरे को व्यवस्थित तरीके से जमा करने की व्यवस्था महानगरपालिका करेगी। इसके बाद कचरे को आगे की प्रक्रिया के लिए मनपा की कचरा प्रबंधन प्रणाली के माध्यम से भेजा जाएगा। अभियान में कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक मुक्ति, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति नागरिकों की सकारात्मक भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा। महापौर डिंपल विनोद मेहता, उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटील और महानगरपालिका आयुक्त राधाबिनोद ए. शर्मा (आईएएस) के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। महानगरपालिका प्रशासन ने विद्यार्थियों, युवक-युवतियों, नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं और शहर के विभिन्न संगठनों से 1 अक्टूबर को प्लॉग रन में बड़ी संख्या में शामिल होकर स्वच्छता अभियान में योगदान देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *