पंढरपुर की वारी में पर्यावरण संरक्षण का संदेश: एकनाथ शिंदे ने पांच जागरूकता रथों को दिखाई हरी झंडी

सोलापुर। बच्चों में छोटी उम्र से ही पर्यावरण संरक्षण के संस्कार विकसित करने के उद्देश्य से महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल की ओर से तैयार किए गए पांच विशेष पर्यावरण जागरूकता रथ अब पूरे महाराष्ट्र में भ्रमण करेंगे। शुक्रवार को सौर ऊर्जा से संचालित इन रथों का शुभारंभ शनिवार को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने किया। इस अवसर पर 28 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहे ‘कार्तिकीची वारी, पंढरीच्या दारी’ पर्यावरण अनुकूल अभियान का भी उनके उपस्थित में समापन हुआ। शिंदे ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, वैश्विक तापमान वृद्धि, सूखा और अतिवृष्टि जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए पर्यावरण संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों की समझने की क्षमता बेहतर होती है। यदि बचपन से ही उनमें पर्यावरण संरक्षण के संस्कार विकसित किए जाएं, तो वे अपने परिवार को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे और भविष्य में इस अभियान के सच्चे ब्रांड एंबेसडर बनेंगे। उन्होंने इस पहल के लिए महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अध्यक्ष सिद्धेश कदम और उनकी टीम की सराहना की। शिंदे ने सूखे और अतिवृष्टि की परिस्थितियों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘एक पेड़ मां के नाम’ संकल्पना के अनुरूप अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की।
प्रकृति की भक्ति भी जरूरी: शिंदे
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वायु और जल प्रदूषण रोकना, नदियों को स्वच्छ रखना और पर्यावरण के अनुकूल विकास करना समय की जरूरत है। पांडुरंग की भक्ति की तरह ही प्रकृति की भी भक्ति करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंढरपुर की वारी को स्वच्छ, सुरक्षित, निर्मल और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
वारकरियों के साथ टाल-चिपळियां बजाईं, फुगड़ी भी खेली
‘कार्तिकीची वारी, पंढरीच्या दारी’ कार्यक्रम के समापन अवसर पर एकनाथ शिंदे ने वारकरियों के साथ हाथों में टाल-चिपळियां लेकर पांडुरंग का जयघोष किया। इसके बाद वारकरियों के विशेष आग्रह पर उन्होंने पहले उनके साथ और फिर महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अध्यक्ष सिद्धेश कदम के साथ फुगड़ी खेली। इस अवसर पर रोजगार गारंटी योजना, बागवानी एवं खारभूमि विकास मंत्री भरत गोगावले, महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अध्यक्ष सिद्धेश कदम, विधायक राजू खरे, सोलापुर के जिलाधिकारी एस. कार्तिकेयन, पूर्व विधायक शाहजीबापू पाटील, पंढरपुर नगरपालिका की नगराध्यक्ष एड. प्रणिता भालके सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में वारकरी उपस्थित रहे।
