झांसी में दिसंबर में आस्था का महाकुंभ, पं. प्रदीप मिश्रा सुनाएंगे शिव महापुराण तो धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री करेंगे हनुमंत कथा

4 से 10 दिसंबर तक श्री शिव महापुराण और विशाल पार्थिव शिवलिंग निर्माण, 11 से 13 दिसंबर तक बागेश्वर धाम सरकार की श्री हनुमंत कथा

झांसी, उत्तर प्रदेश। झांसी के जनमानस की सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ धर्म, अध्यात्म और भारतीय सनातन संस्कृति से लोगों को जोड़ने के उद्देश्य से दिसंबर में लगातार 10 दिनों तक दो भव्य धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। श्रद्धालुओं को देश के सुप्रसिद्ध संतों के श्रीमुख से आध्यात्मिक कथा और धर्मोपदेश सुनने का अवसर मिलेगा। आयोजक एवं विधायक रवि शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों धार्मिक आयोजनों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 4 दिसंबर से 13 दिसंबर 2026 तक झांसी में धर्म और अध्यात्म से जुड़े दो बड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें झांसी के साथ बुंदेलखंड और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
4 से 10 दिसंबर तक पं. प्रदीप मिश्रा की श्री शिव महापुराण कथा
विधायक रवि शर्मा ने बताया कि पहला आयोजन 4 से 10 दिसंबर 2026 तक राधिका ऑर्किड के सामने, कानपुर रोड, झांसी में होगा। यहां अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही विशाल पार्थिव शिवलिंग निर्माण भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
कथा के माध्यम से भगवान शिव की महिमा, भक्ति, श्रद्धा और सनातन परंपराओं से जुड़े विभिन्न प्रसंग श्रद्धालुओं को सुनाए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार इसका उद्देश्य भगवान शिव के प्रति आस्था के साथ भारतीय धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक जीवन के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है।
11 से 13 दिसंबर तक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्री हनुमंत कथा
श्री शिव महापुराण के समापन के बाद 11 से 13 दिसंबर 2026 तक इसी आयोजन स्थल पर श्री हनुमंत कथा होगी। बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से श्रद्धालुओं को श्री हनुमंत कथा सुनने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों के मुताबिक कथा के माध्यम से भगवान श्रीराम और श्री हनुमान की भक्ति, सेवा, समर्पण, साहस, धर्म और संस्कार का संदेश श्रद्धालुओं तक पहुंचाया जाएगा। विधायक रवि शर्मा ने कहा कि ये दोनों आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि झांसी के जनमानस की सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता का संदेश देने का प्रयास हैं। इनके माध्यम से नई पीढ़ी को भी भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने झांसी और आसपास के जनपदों के श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमी नागरिकों और सनातन संस्कृति में आस्था रखने वाले लोगों से दोनों आयोजनों में सहभागिता करने की अपील की। साथ ही श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में कथा श्रवण करने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। आयोजन मंडल की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए आयोजन स्थल पर बैठने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारियां की जा रही हैं। विधायक रवि शर्मा ने संत समाज, धर्माचार्यों, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं और झांसीवासियों से दोनों आयोजनों को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *