भारत-नेपाल के सदियों पुराने रिश्तों को नई मजबूती: अयोध्या-जनकपुर के बीच शुरू हुई ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’

सीएम योगी ने कहा- दोनों देशों के संबंध आस्था, साझा नदियों और पारिवारिक रिश्तों पर आधारित, श्रद्धालुओं के लिए आसान होगी तीर्थयात्रा

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और पारिवारिक संबंधों को रेखांकित करते हुए कहा कि दोनों देशों का रिश्ता केवल पड़ोसी होने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह साझा आस्था, नदियों और पारिवारिक परंपराओं से जुड़ा हुआ है। सोमवार को अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन से अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम को जोड़ने वाली साप्ताहिक ट्रेन सेवा ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ के उद्घाटन अवसर पर उन्होंने पारंपरिक ‘रोटी-बेटी’ संबंधों का उल्लेख किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।
अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच हजारों वर्षों पुराने संबंध हैं। ये रिश्ते विश्वास, गहरे व्यक्तिगत लगाव और साझा सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं से मजबूत हुए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच साझी नदियों और परिवारों का संबंध है, जिसे आम बोलचाल में ‘रोटी-बेटी’ का रिश्ता कहा जाता है। योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और जनकपुर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए विवाह पंचमी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब जनकपुर में राम-जानकी विवाह मंडपम में विवाह पंचमी का उत्सव मनाया जाता है, तब अयोध्या में पारंपरिक विवाह गीत ‘मंगला गीत’ गूंजते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले वर्ष विवाह पंचमी के अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्मध्वजा की प्राण-प्रतिष्ठा की गई थी। मुख्यमंत्री ने इस रेल सेवा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल के माध्यम से दो महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों को जोड़ना भारत और नेपाल के ऐतिहासिक संबंधों को नई मजबूती देने वाला कदम है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या और मिथिला की प्राचीन सांस्कृतिक परंपराओं का पवित्र जुड़ाव ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ के माध्यम से फिर से मजबूत होगा। इस ट्रेन सेवा से नेपाल के श्रद्धालु सीधे अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे, वहीं भारत के श्रद्धालुओं के लिए जनकपुर धाम जाकर माता जानकी की पूजा-अर्चना करना आसान होगा। नई साप्ताहिक रेल सेवा से भारत और नेपाल के बीच सीमापार रेल संपर्क को मजबूती मिलने के साथ ही दोनों देशों के श्रद्धालुओं और यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। यह पहल अयोध्या और जनकपुर के बीच सदियों से चले आ रहे धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *