वीरांगना झलकारी बाई की जयंती पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में पुष्पांजलि कार्यक्रम

महिला अध्ययन केंद्र ने किया आयोजन, वक्ताओं ने साहस, त्याग और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को किया याद

झांसी, उत्तर प्रदेश। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन केंद्र की ओर से रविवार को वीरांगना झलकारी बाई की जयंती पर विश्वविद्यालय परिसर स्थित झलकारी बाई पार्क में माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्राओं ने वीरांगना को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके साहस, वीरता और देशभक्ति को नमन किया। महिला अध्ययन केंद्र की समन्वयक डॉ. अचला पाण्डेय ने कहा कि झलकारी बाई का जीवन अदम्य साहस, त्याग और नारी शक्ति का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम में उनके संघर्ष और समर्पण से आज भी महिलाएं और युवा पीढ़ी प्रेरणा ले सकती हैं। उन्होंने छात्राओं से आत्मविश्वास और साहस के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। डॉ. दीप्ति सिंह ने कहा कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में झलकारी बाई का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई के साथ अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। युवा पीढ़ी को उनके इतिहास और योगदान से परिचित कराना आवश्यक है। कार्यक्रम में कुलानुशासक डॉ. विनीत कुमार, डॉ. राघवेन्द्र दीक्षित, डॉ. संतोष पाण्डेय, डॉ. सुमिरन श्रीवास्तव, डॉ. स्मृति त्रिपाठी, डॉ. मीनाक्षी सिंह और भूपेंद्र मिश्रा ने भी झलकारी बाई के जीवन, संघर्ष और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि उनका व्यक्तित्व महिला सशक्तीकरण, देशप्रेम और सामाजिक चेतना की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर तनिष्क, गरिमा, लवली, संजना, आरती, खुशी, वैष्णवी, नेहा, दीक्षा और पूजा सहित बड़ी संख्या में छात्राओं ने उपस्थित होकर वीरांगना को पुष्पांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *