मुंबई में 22 नवंबर को पल्स पोलियो अभियान, पांच साल तक के बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दो बूंद

बीएमसी ने 23 से 27 नवंबर तक घर-घर विशेष टीकाकरण अभियान चलाने की तैयारी की, एक भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने बनाई रणनीति

मुंबई। देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से केंद्र सरकार और महाराष्ट्र शासन के निर्देशानुसार 22 नवंबर 2026 को मुंबई में उपराष्ट्रीय टीकाकरण दिवस (SNID) के तहत पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 23 से 27 नवंबर तक घर-घर जाकर विशेष टीकाकरण अभियान संचालित किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पांच वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो से सुरक्षा प्रदान करना है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग की ओर से 19 नवंबर को शहरी टीकाकरण के लिए शहरस्तरीय कार्यबल (सिटी टास्क फोर्स फॉर अर्बन इम्यूनाइजेशन) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संतोष गायकवाड और उपकार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वर्षा पुरी सहित विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO), यूनिसेफ, संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP), विभिन्न मेडिकल कॉलेजों, एकीकृत बाल विकास सेवा योजना (ICDS), भारतीय सेना, भारतीय नौसेना, इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP), स्वयंसेवी संस्थाओं और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में अभियान की तैयारियों और टीकाकरण से वंचित बच्चों तक पहुंचने की रणनीति पर चर्चा की गई। उल्लेखनीय है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने वर्ष 2014 में भारत को आधिकारिक रूप से पोलियो मुक्त घोषित किया था। हालांकि, पड़ोसी देशों में पोलियो वायरस का प्रसार जारी रहने के कारण भारत में इसके दोबारा प्रवेश का खतरा बना हुआ है। देश की पोलियो मुक्त स्थिति को बरकरार रखने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बैठक में शून्य खुराक (जीरो डोज) और अधूरे टीकाकरण वाले बच्चों की पहचान, टीकाकरण से छूटने वाले बच्चों की संख्या कम करने तथा टीकाकरण को लेकर फैली भ्रांतियों और अनिच्छा को दूर करने पर विशेष जोर दिया गया। मेडिकल कॉलेजों के माध्यम से फैमिली अडॉप्शन प्रोग्राम के तहत उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में घर-घर जाकर सर्वेक्षण और टीकाकरण से इनकार करने वाले परिवारों की काउंसलिंग की जाएगी। बाल रोग विशेषज्ञों और निजी चिकित्सकों से भी अपील की गई कि वे छूटे हुए टीकाकरण वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें टीकाकरण के लिए भेजें। इसके अलावा ICDS कर्मचारियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से लाभार्थियों की पहचान, सामुदायिक भागीदारी और टीकाकरण के बाद फॉलोअप किया जाएगा। जनजागरूकता बढ़ाने के लिए मोहल्ला समितियों, मुंबई पुलिस, धार्मिक नेताओं और समाज के प्रभावशाली व्यक्तियों के सहयोग से सामुदायिक बैठकें और जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। बीएमसी के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों और बच्चों की देखभाल करने वालों से अपील की है कि 22 नवंबर को पांच वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। जिन बच्चों को पहले भी पोलियो की खुराक दी जा चुकी है, उन्हें भी इस विशेष अभियान के दौरान दो बूंद पिलाना जरूरी है। बीएमसी ने स्पष्ट किया है कि अभियान का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा पोलियो सुरक्षा से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *