महाराष्ट्र पुलिस में बड़ा फैसला! मुंबई और ठाणे के पुलिस आयुक्तों को डीजीपी श्रेणी में पदोन्नति, अब जनता की उम्मीदें भी बढ़ीं

इंद्र यादव/मुंबई। महाराष्ट्र सरकार के गृह विभाग ने 20 नवंबर 2026 को पुलिस प्रशासन से जुड़ा महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती और ठाणे पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्रेणी में पदोन्नति दी है। खास बात यह है कि पदोन्नति के बाद भी दोनों अधिकारी अपने मौजूदा पदों पर ही बने रहेंगे। इस प्रशासनिक फैसले को ‘इन-सिटू प्रमोशन’ कहा जाता है। यानी पदोन्नति मिलेगी, लेकिन तैनाती में बदलाव नहीं होगा। पुलिस अधिकारियों के लिए यह सम्मान और उपलब्धि का विषय है, लेकिन आम जनता की उम्मीदें इससे कहीं आगे हैं। मुंबई और ठाणे जैसे महानगरों में चोरी, लूटपाट, साइबर ठगी, नशे का कारोबार और अवैध गतिविधियां लगातार चुनौती बनी हुई हैं। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा भी पुलिस प्रशासन की बड़ी जिम्मेदारी है। आम नागरिक चाहता है कि उसकी शिकायत बिना सिफारिश और दबाव के दर्ज हो तथा समय पर कार्रवाई की जाए। गरीब मजदूर, रिक्शा चालक और छोटे दुकानदार की शिकायत को भी उतनी ही गंभीरता से सुना जाए, जितनी किसी प्रभावशाली व्यक्ति की। अब दोनों पुलिस आयुक्तों से अपेक्षा है कि पदोन्नति के साथ पुलिसिंग में भी सुधार दिखाई दे, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हो, अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज हो और पुलिस थानों में आम नागरिकों को सम्मान मिले। पुलिस की वर्दी का असली सम्मान तभी है, जब संकट के समय कमजोर से कमजोर व्यक्ति भी खुद को सुरक्षित महसूस करे। पदोन्नति अधिकारियों को मिली है, लेकिन जनता को इसका लाभ सुरक्षा, निष्पक्ष कार्रवाई और न्याय के रूप में मिलना चाहिए।
