गोरखपुर में 792 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, योगी ने किया यूपी के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का भूमिपूजन

अखिलेश यादव को दी अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती, बोले- 2017 से पहले माफिया और मच्छरों के नाम से पहचाना जाता था गोरखपुर

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गोरखपुर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के भूमिपूजन के साथ 792 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश के वन विभाग ने निर्धारित समयसीमा के भीतर गोरखपुर में 125 एकड़ क्षेत्रफल में आधुनिक सुविधाओं से युक्त विश्वविद्यालय के निर्माण की दिशा में काम आगे बढ़ाया है। इस विश्वविद्यालय के माध्यम से एग्रो फॉरेस्ट्री को बढ़ावा दिया जाएगा, बागवानी के लिए नए बीज और तकनीक उपलब्ध कराई जाएगी, जिसका लाभ प्रदेश के किसानों को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले गोरखपुर की पहचान माफिया और मच्छरों से होती थी। उस समय मासूम बच्चे इंसेफेलाइटिस यानी दिमागी बुखार की चपेट में आकर दम तोड़ देते थे। योगी ने आरोप लगाया कि चार बार सरकार बनाने के बावजूद समाजवादी पार्टी के किसी मुख्यमंत्री ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के अस्पतालों में जाकर इंसेफेलाइटिस से पीड़ित बच्चों का हाल जानने की जरूरत नहीं समझी। उन्होंने कहा कि पहले समाजवादी पार्टी के गुंडे और कांग्रेस के बिचौलिए गरीबों के आवास, राशन और पेंशन पर कब्जा कर लेते थे। इसके विपरीत पिछले साढ़े नौ वर्षों में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश में 65 लाख परिवारों को आवास उपलब्ध कराए हैं।
अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “अगर आप वहां से अपना नामांकन दाखिल करते हैं, तो मैं भी अपना नामांकन दाखिल करूंगा। आइए, सीधा मुकाबला हो जाए।” उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव में सीधे मुकाबले का साहस नहीं है। योगी ने कहा कि माफिया के दम पर उत्तर प्रदेश को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों ने युवाओं के रोजगार और बेटियों तथा व्यापारियों की सुरक्षा को खतरे में डाला था।
‘दुर्जनों को भी अब राम याद आ रहे हैं, मारीच को पहचानना होगा’
मुख्यमंत्री ने राम मंदिर और भगवान राम के नाम पर राजनीति करने वालों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोली चलवाने और ‘जय श्रीराम’ का नारा लगाने वालों पर लाठियां बरसाने का काम किया, वे आज भगवान राम का नाम ले रहे हैं। योगी ने रामायण के पात्र मारीच का उल्लेख करते हुए कहा कि जैसे मारीच ने भेष बदलकर भ्रम पैदा किया था, वैसे ही आज कुछ लोग अलग-अलग रूप धारण कर सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को पहचानने की जरूरत है।
‘अराजकता फैलाने वालों को जनता फिर नकारेगी’
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गरीबों की जमीन पर कब्जा करने या किसी बेटी, बहन और मां की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। ऐसे लोगों के लिए जेल के अलावा कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि जो लोग अराजकता फैलाकर जबरन जनता का समर्थन हासिल करने की गलतफहमी पाले हुए हैं, उन्हें उत्तर प्रदेश की जनता बार-बार जवाब दे रही है। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि चुनावी मैदान तैयार है और मुकाबला करने के इच्छुक लोग चुनाव में उतर सकते हैं।
समाजवादी पार्टी पर गुंडागर्दी और अराजकता फैलाने का आरोप
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के रोडशो के दौरान एक नाबालिग की मौत का मुद्दा उठाते हुए पार्टी पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का मतलब गुंडागर्दी, अराजकता, दंगे और कर्फ्यू है। योगी ने आरोप लगाया कि रोडशो के दौरान झंगहा से पढ़ने आए एक नाबालिग छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई और पार्टी की ओर से शोक तक व्यक्त नहीं किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन को निर्देश देने की बात कही कि घटना के दौरान सड़कों पर अराजकता फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
हैदराबाद के मौलाना पर भी साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने हैदराबाद से आए एक मौलाना पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों के दिन हैदराबाद का नाम बदलकर ‘भाग्य लक्ष्मीपुरम’ करने की स्थिति बन जाएगी। मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि ये लोग विकास के नाम पर लूट-खसोट करते हैं, गरीबों का राशन हड़पते हैं, पेंशन और छात्रों की छात्रवृत्ति छीनते हैं तथा दंगाइयों का समर्थन करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *