वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर बाइक स्टंटबाजी करने वाले पांच युवक गिरफ्तार, मुंबई पुलिस ने पांच मोटरसाइकिलें कीं जब्त

इंद्र यादव
मुंबई। मुंबई की सड़कों को रेसिंग ट्रैक समझकर तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाने और खतरनाक स्टंट करने वाले युवकों के खिलाफ मुंबई पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर बाइक से स्टंट और हुड़दंग करने के मामले में पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार कर उनकी पांच मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। इन युवकों की खतरनाक हरकतों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. बिनु वर्गीस ने अपने एक्स (ट्विटर) हैंडल @SabSeTezz1 के माध्यम से मुंबई पुलिस का ध्यान इस ओर आकर्षित किया था। वायरल वीडियो में कुछ युवक हाईवे पर तेज रफ्तार से बाइक चलाते और खतरनाक स्टंट करते दिखाई दे रहे थे। उनकी इस लापरवाही से सड़क पर सफर करने वाले अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अंधेरी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने वायरल वीडियो और अन्य जानकारियों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जावेद रफीक मलदार (25), मोहसिन मुबारक शेख (19), फैजान अहमद खान (22), साहिल मोहम्मद सिराज (29) और कुशाल दत्तात्रय भिसे (22) के रूप में हुई है। इस कार्रवाई पर डॉ. बिनु वर्गीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती और उनकी पूरी टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जिस तेजी से कार्रवाई की, वह सराहनीय है। हालांकि, उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ उनकी पूरी पृष्ठभूमि और आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहराई से जांच करने की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या आरोपियों के खिलाफ पहले भी यातायात नियमों के उल्लंघन या अन्य अपराधों के मामले दर्ज हैं? उनकी मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट, हेलमेट, वाहन दस्तावेज, बीमा और पीयूसी प्रमाणपत्रों की वैधता की जांच हुई है या नहीं? साथ ही उन्होंने पुलिस से यह भी आग्रह किया कि जांच के दौरान अन्य संभावित आपराधिक गतिविधियों से जुड़े पहलुओं को भी तथ्यों और सबूतों के आधार पर परखा जाए। हालांकि, गिरफ्तार युवकों का किसी अन्य अपराध से संबंध होने की फिलहाल कोई पुष्टि नहीं हुई है। मुंबई में तेज रफ्तार बाइक रेसिंग और स्टंटबाजी के वीडियो लगातार सामने आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स पाने की चाह में सार्वजनिक सड़कों पर दूसरों की जान जोखिम में डालना गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे मामलों में केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि नियमित निगरानी और यातायात नियमों का सख्ती से पालन भी जरूरी है।
