आर्य कन्या महाविद्यालय में छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत आयोजित हुआ कार्यक्रम, हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल पर दिया जोर

झांसी, उत्तर प्रदेश। आर्य कन्या महाविद्यालय, झांसी में सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत स्काउट एंड गाइड एवं स्वयंसेवियों के माध्यम से छात्राओं को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. स्वाति भदौरिया के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर प्राचार्या प्रो. स्वाति भदौरिया ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन करना नहीं है, बल्कि स्वयं के साथ-साथ दूसरों के जीवन की रक्षा करने की जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक नागरिक को सड़क पर चलते समय सावधानी बरतनी चाहिए और यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के शिक्षकों और छात्राओं को सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। छात्राओं को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीपमाला दुबे ने किया। इस अवसर पर प्रो. कल्पना निरंजन, डॉ. सौम्या वर्मा, डॉ. किरन सिंह, डॉ. समिता सचान, डॉ. अपर्णा चौबे, डॉ. रेनू शिवहरे, डॉ. प्रियंका सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे। छात्राओं ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
