टोरेस ज्वेलरी निवेश घोटाला: मुख्य आरोपी ओलेक्सांद्र ज़ापिचेंको लाया गया भारत
रोमानिया से प्रत्यर्पण के बाद मुंबई पहुंचा यूक्रेनी नागरिक, निवेशकों की रकम और क्रिप्टोकरेंसी लेनदेन को लेकर होगी पूछताछ

मुंबई। मुंबई के चर्चित टोरेस ज्वेलरी निवेश घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) को बड़ी कामयाबी मिली है। एजेंसी ने मंगलवार को यूक्रेन के नागरिक ओलेक्सांद्र ज़ापिचेंको उर्फ एलेक्स को रोमानिया से भारत लाया। वह इस मामले में मुख्य आरोपियों में शामिल है। उसे आगे की जांच और पूछताछ के लिए मुंबई लाया गया है। ED की तीन सदस्यीय टीम आरोपी को रोमानिया से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रास्ते भारत लेकर पहुंची। टीम मंगलवार शाम करीब 4:45 बजे मुंबई हवाई अड्डे पर उतरी।
ज़ापिचेंको ‘प्लैटिनम हर्न प्राइवेट लिमिटेड’ के खिलाफ चल रही जांच के दायरे में है। यह कंपनी ‘टोरेस ज्वेलरी’ ब्रांड नाम से कारोबार करती थी। रिपोर्टों के मुताबिक, केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अंतरराष्ट्रीय समन्वय की नोडल एजेंसी के रूप में उसकी वापसी की कानूनी प्रक्रिया पूरी कराने में भूमिका निभाई। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड नोटिस भी जारी किया गया था। जांच एजेंसियों के अनुसार, टोरेस ज्वेलरी की निवेश योजना में लोगों को जमा रकम पर ऊंचे साप्ताहिक रिटर्न का लालच दिया गया था। आरोप है कि ज़ापिचेंको निवेशकों से जुटाई गई नकदी को क्रिप्टोकरेंसी में बदलने और बड़े पैमाने पर नकद लेनदेन में मदद करता था। ED को संदेह है कि ये गतिविधियां कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क का हिस्सा थीं। इस मामले में ED ने प्लैटिनम हर्न प्राइवेट लिमिटेड और योजना से जुड़े कथित व्यक्तियों के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत जांच शुरू की थी। अब ज़ापिचेंको से निवेशकों की रकम के कथित लेनदेन, नकदी के इस्तेमाल और क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से धन के हस्तांतरण से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान निवेश योजना के वित्तीय नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। मामले में आगे की जांच जारी है।
