सूखा प्रभावित किसानों की मदद के लिए NCP विधायकों ने दिया एक महीने का वेतन, मुख्यमंत्री राहत कोष में सौंपा चेक

मुंबई। महाराष्ट्र में सूखे से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विधानसभा और विधान परिषद के विधायकों ने अपना एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का निर्णय लिया है। मंगलवार को मंत्रालय में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान विधायकों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को वेतन की राशि का चेक सौंपा। पार्टी नेताओं ने कहा कि संकट की इस घड़ी में किसानों के साथ मजबूती से खड़े रहना और उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना दिवंगत अजीत पवार की महत्वपूर्ण सीख रही है। उनकी विरासत और विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए किसानों की समस्याओं के समाधान में योगदान देना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पार्टी ने किसानों के हितों की रक्षा और उन्हें हरसंभव सहायता देने की प्रतिबद्धता भी जताई। इस अवसर पर NCP की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार, वरिष्ठ नेता एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल, चिकित्सा शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ, सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री नरहरी जिरवाल, कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे और महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।
