दिवाली के 16 दिनों में एसटी ने कमाए 548 करोड़ रुपये

मुंबई। दिवाली की छुट्टियों और त्योहार के बाद वापसी के सफर के लिए यात्रियों ने महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एसटी) की लालपरी को जमकर पसंद किया। नवंबर के शुरुआती 16 दिनों में एसटी महामंडल ने 548 करोड़ 22 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया। खास बात यह रही कि 16 नवंबर को एक ही दिन में 46 करोड़ 53 लाख रुपये की रिकॉर्ड कमाई हुई, जो एसटी के लिए नया कीर्तिमान है। इस शानदार प्रतिसाद के लिए परिवहन मंत्री एवं एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने यात्रियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यात्रियों के विश्वास और एसटी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मेहनत से यह रिकॉर्ड उपलब्धि हासिल हुई है। इस वर्ष दिवाली के व्यस्त यात्रा सीजन में अस्थायी किराया वृद्धि रद्द किए जाने से यात्रियों को सामान्य टिकट दरों पर सफर करने का अवसर मिला। इसके अलावा महिला सम्मान योजना के क्रियान्वयन में दी गई शिथिलता और त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या से एसटी की आय में वृद्धि हुई। मंत्री प्रताप सरनाईक ने यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए मेहनत करने वाले एसटी के चालक, वाहक और सभी कर्मचारियों का विशेष अभिनंदन किया।
