बांगरमऊ में भक्त प्रहलाद लीला का भावपूर्ण मंचन, नृसिंह अवतार ने मोहा मन

श्री दुर्गेश्वर कृष्ण लीला महोत्सव में उमड़ी दर्शकों की भीड़, सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता विदुषी बाजपेई ने परिजनों के साथ किया शुभारंभ

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। श्री दुर्गेश्वर कृष्ण लीला समिति के तत्वावधान में आयोजित श्री कृष्ण लीला महोत्सव में शनिवार की रात भक्त प्रहलाद लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। मंडल के बाल कलाकारों ने भगवान विष्णु के प्रति प्रहलाद की अटूट भक्ति और हिरण्यकश्यप के अत्याचारों का सजीव चित्रण किया। लीला देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम का शुभारंभ सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता विदुषी बाजपेई ने अपने माता-पिता आरती बाजपेई और राजीव बाजपेई के साथ ठाकुरजी का तिलक कर तथा आरती उतारकर किया।
प्रहलाद की भक्ति से क्रोधित हुआ हिरण्यकश्यप
मंचन में दिखाया गया कि भगवान नारायण के पार्षद जय और विजय को ब्रह्मा जी के मानस पुत्रों ने निशाचर बनने का शाप दिया था। इसके बाद दोनों कश्यप ऋषि के पुत्रों के रूप में हिरण्याक्ष और हिरण्यकश्यप बने। हिरण्यकश्यप ने देवताओं को प्रताड़ित किया। वहीं हिरण्याक्ष पृथ्वी को पाताल में ले जाकर छिप गया। तब भगवान नारायण ने वराह अवतार धारण कर हिरण्याक्ष का वध किया और पृथ्वी को पुनः स्थापित किया। इसके बाद हिरण्यकश्यप ने कठोर तपस्या कर ब्रह्मा जी से अनेक वरदान प्राप्त किए। उसके घर पुत्र का जन्म हुआ, जिसका नाम देवर्षि नारद ने प्रहलाद रखा। हिरण्यकश्यप चाहता था कि प्रहलाद उसे ही भगवान माने, लेकिन देवर्षि नारद से प्राप्त ज्ञान के कारण प्रहलाद भगवान विष्णु की भक्ति करने और उनकी महिमा का प्रचार करने लगा। इससे क्रोधित होकर हिरण्यकश्यप ने अपने पुत्र को कारागार में डाल दिया।
खंभे से प्रकट हुए भगवान नृसिंह, भक्त की रक्षा की
मंचन में दिखाया गया कि हिरण्यकश्यप ने प्रहलाद को विष पिलाने, सर्प से डसवाने और पहाड़ की चोटी से गिराने जैसे कई प्रयास किए, लेकिन भगवान की कृपा से प्रहलाद सुरक्षित रहा। अंत में भक्त की पुकार पर भगवान विष्णु खंभे से नृसिंह रूप में प्रकट हुए और हिरण्यकश्यप का संहार कर अपने प्रिय भक्त प्रहलाद की रक्षा की। इस दृश्य ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। लीला की समाप्ति पर समिति के मोंटी शर्मा, अनिल तिवारी, रोशन गुप्ता, सोनू दीक्षित, छन्नू शर्मा, वैभव शर्मा और प्रज्वल शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने भगवान नृसिंह की आरती उतारी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *