DGS Realty से जुड़े मामलों की खबरें प्रकाशित करने पर पत्रकार को धमकाने और बदनाम करने का आरोप, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत

मुंबई। DGS Realty से जुड़े कथित विवादों और अनियमितताओं पर खबरें प्रकाशित करने के बाद पत्रकार एवं मेट्रो दिनांक समाचार पत्र के प्रधान संपादक दीनानाथ तिवारी को निशाना बनाए जाने का मामला सामने आया है। तिवारी ने आरोप लगाया है कि खबरों का जवाब देने के बजाय उन्हें सोशल मीडिया पर बदनाम करने, धमकाने और AI तकनीक से फर्जी तस्वीरें एवं वीडियो तैयार कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। तिवारी के अनुसार, पिछले तीन महीनों से वे DGS Realty से जुड़े विवादों, पठानवाड़ी के मकबूल कंपाउंड में मंदिरों को कथित रूप से तोड़े जाने, मूर्तियां गायब होने, जबरन मकान खाली कराने, कथित फर्जी सोसायटी, SRA नियमों की अनदेखी और कोकणी माता मंदिर विवाद जैसे जनहित के मुद्दे उठा रहे हैं।
आरोप है कि 30 अक्टूबर 2026 को मनपा की जमीन पर कथित अवैध कब्जे से संबंधित खबर प्रकाशित होने के बाद अजय यादव ने सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित कर उन्हें कथित तौर पर भ्रष्ट बताया। इसके बाद फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भ्रामक वीडियो तथा अभद्र टिप्पणियों के जरिए उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। शिकायत में AI तकनीक के दुरुपयोग का भी गंभीर आरोप लगाया गया है। तिवारी का कहना है कि उनकी तस्वीरों से फर्जी दृश्य तैयार कर उन्हें फैक्ट्री का मालिक, आरोपी और जेल की सलाखों के पीछे दिखाने की कोशिश की गई। FDA की कार्रवाई से संबंधित मिठाई की दुकान की खबर में भी उनकी तस्वीर जोड़कर कथित रूप से गलत संदेश फैलाया गया। इस मामले में दीनानाथ तिवारी ने 9 नवंबर 2026 को कुरार पुलिस स्टेशन में शिकायत सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को आवेदन देकर सोशल मीडिया वीडियो, AI से तैयार तस्वीरों, ऑनलाइन मानहानि, कथित धमकियों और डिजिटल साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। तिवारी ने कहा कि पत्रकारिता का काम जनहित के मुद्दों को सामने लाना है। किसी खबर से असहमति होने पर संबंधित पक्ष को तथ्यात्मक जवाब देने का अधिकार है, लेकिन पत्रकार को धमकाना और फर्जी सामग्री के जरिए बदनाम करना उचित नहीं है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही पत्रकारों को स्वतंत्र एवं निर्भीक रूप से काम करने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रदान की जाए। तिवारी ने दोहराया कि उनका संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि स्वतंत्र पत्रकारिता, पत्रकारों की सुरक्षा और जनहित के मुद्दों को निर्भीकता से उठाने के अधिकार के लिए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *