शिल्पा शेट्टी करेंगी ‘प्यार का प्रेशर कुकर’ होस्ट, रिश्तों की उलझन सुलझाएगा नया रियलिटी शो
कलर्स टीवी और जियोहॉटस्टार पर होगा प्रसारित, कपल्स के साथ उनके माता-पिता भी होंगे शामिल, ‘जोड़ो या तोड़ो’ की थीम पर आधारित होगा शो

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी एक बार फिर छोटे पर्दे और ओटीटी की दुनिया में वापसी करने जा रही हैं। वह जल्द ही नए रिलेशनशिप रियलिटी शो ‘प्यार का प्रेशर कुकर’ को होस्ट करती नजर आएंगी। यह शो कलर्स टीवी और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होगा। निर्माताओं ने इसे भारत का पहला ‘रिलेशनशिप क्लैरिटी शो’ बताया है। इसमें आज की युवा पीढ़ी के उलझे हुए रिश्तों और उनसे जुड़े पारिवारिक सवालों को एक मंच पर लाया जाएगा। शो का फॉर्मेट ‘जोड़ो या तोड़ो’ की थीम पर आधारित है। इसमें ऐसे कपल्स को एक ही घर में साथ रखा जाएगा, जो अपने रिश्ते को लेकर किसी न किसी दुविधा में हैं। कई जोड़े लंबे समय तक साथ रहने के बावजूद प्रतिबद्धता जताने या रिश्ते को अगले मुकाम तक ले जाने में हिचकिचाते हैं। शो में उन्हें उन सवालों और अनकही बातों का सामना करना होगा, जिनसे वे अब तक बचते रहे हैं। इसकी खासियत यह है कि कपल्स के साथ उनके माता-पिता भी इस प्रक्रिया में शामिल होंगे। माता-पिता अपने बच्चों के रिश्तों पर राय रखने के साथ उन्हें वास्तविकता से रूबरू कराएंगे। जब कोई प्रतिभागी अपने मन की बात या छिपा हुआ सच सामने रखेगा, तो ‘क्लैरिटी की सीटी’ के जरिए उसकी पहचान होगी। करीब दो दशक बाद कलर्स टीवी पर बतौर होस्ट वापसी कर रहीं शिल्पा शेट्टी इस नए प्रोजेक्ट को लेकर उत्साहित हैं। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2008 में ‘बिग बॉस सीजन 2’ को होस्ट किया था। शो के बारे में शिल्पा ने कहा कि आज रिश्तों की दुनिया में ‘सिचुएशनशिप’, ‘ब्रेडक्रंबिंग’ और ‘बेंचिंग’ जैसे नए शब्द जुड़ गए हैं, लेकिन इसी बीच रिश्तों में स्पष्टता कहीं खोती जा रही है। चाहे रिश्ता नया हो या कई साल पुराना, एक समय ऐसा आता है जब जरूरी सवाल पूछने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि शो का कॉन्सेप्ट उन्हें इसलिए पसंद आया, क्योंकि इसमें माता-पिता भी अपने बच्चों को रिश्तों की सच्चाई का आईना दिखाएंगे। यह शो उन अभिभावकों के लिए भी दिलचस्प होगा, जो जानना चाहते हैं कि उनके बच्चों की निजी जिंदगी में क्या चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कलर्स टीवी पर सलमान खान के शो ‘बिग बॉस’ के मौजूदा सीजन के समाप्त होने के बाद ‘प्यार का प्रेशर कुकर’ उसके प्राइम टाइम स्लॉट पर प्रसारित हो सकता है। हालांकि, निर्माताओं ने अभी प्रीमियर की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है। शो के लिए कास्टिंग और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अपने रिश्ते को लेकर स्पष्टता चाहने वाले कपल्स आधिकारिक वेबसाइट pyaarkapressurecooker.com पर जाकर अपनी कहानी साझा कर सकते हैं। वहीं, जिन माता-पिता को लगता है कि उनका बेटा या बेटी किसी उलझे रिश्ते या ‘सिचुएशनशिप’ में है, वे भी वेबसाइट के माध्यम से उन्हें शो के लिए नामांकित कर सकते हैं।
