समृद्धि महामार्ग पर भीषण हादसा: खड़े वाहनों से टकराया तेज रफ्तार ट्रक
15 से 20 गाड़ियां क्षतिग्रस्त, 20 से 22 लोग घायल, 5 से 6 की हालत गंभीर, टैंकर हटाने के दौरान रोका गया था यातायात

बुलढाणा। महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में मेहकर के पास शुक्रवार को समृद्धि महामार्ग पर भीषण सड़क हादसा हो गया। नागपुर से मुंबई की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक सड़क पर खड़े वाहनों की कतार से जा टकराया। इस दुर्घटना में 20 से 22 लोग घायल हो गए, जिनमें 5 से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि 15 से 20 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे महामार्ग पर एक टैंकर पलट गया था। उसे हटाने के लिए पुलिस और संबंधित एजेंसियां काम कर रही थीं। एहतियात के तौर पर पुलिस ने यातायात रोककर 40 से 50 वाहनों को कतार में खड़ा कर दिया था। इसी दौरान सुबह करीब 11:30 बजे नागपुर से मुंबई की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक नियंत्रण नहीं रख पाया और खड़े वाहनों से टकरा गया। हादसे के बाद महामार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल बचाव अभियान शुरू कर घायलों को बाहर निकाला और मेहकर के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल लोगों का उपचार जारी है। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक महामार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
