नासिक रोड स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, बैग से मिले 1.48 करोड़ रुपये
‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत अमृत भारत एक्सप्रेस में सफर कर रहे युवक से नकदी जब्त, रकम के स्रोत और परिवहन के उद्देश्य पर नहीं दे सका संतोषजनक जवाब

नासिक। छठ पूजा के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान नासिक रोड रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत अमृत भारत एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक युवक के बैग से 1 करोड़ 48 लाख 64 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इतनी बड़ी रकम मिलने से रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 22112 अमृत भारत एक्सप्रेस के नासिक रोड स्टेशन पहुंचने पर प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर आरपीएफ जवानों की नजर बैग लेकर जा रहे एक युवक पर पड़ी। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जवानों ने उसे रोककर बैग की तलाशी ली। जांच के दौरान बैग में 500, 200 और 100 रुपये के नोटों की बड़ी खेप मिली। नोटों की गिनती करने पर कुल रकम 1 करोड़ 48 लाख 64 हजार रुपये निकली। इसके बाद जवानों ने युवक से नकदी के संबंध में पूछताछ की।
रकम के स्रोत की जानकारी नहीं दे सका युवक
युवक की पहचान संदीप बालासाहेब भामरे के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सांगली जिले के आटपाडी का निवासी है और फिलहाल जलगांव के भवानी पेठ इलाके में रहता है। आरपीएफ ने उससे पूछा कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई, यह किसकी है और इसे ले जाने का उद्देश्य क्या है। हालांकि, वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और नकदी के संबंध में वैध दस्तावेज भी पेश नहीं कर पाया। छठ पूजा के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई गई है। इसी अभियान के दौरान एक बैग में करीब डेढ़ करोड़ रुपये मिलने से मामले ने गंभीरता हासिल कर ली है। अब जांच का मुख्य विषय नकदी का स्रोत, उसका वास्तविक मालिक और रकम ले जाने का उद्देश्य है।
