राहुल गांधी को ‘मोदी फोबिया’, फोन टैपिंग के आरोपों पर एकनाथ शिंदे का तीखा हमला

उपमुख्यमंत्री बोले- प्रधानमंत्री का नाम लिए बिना राहुल गांधी की खबर तक नहीं बनती, निराधार आरोप लगाकर सुर्खियों में बने रहने की कोशिश

मुंबई। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैपिंग के आरोप को लेकर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तीखा हमला बोला है। शिंदे ने कहा कि राहुल गांधी को इन दिनों ‘मोदी फोबिया’ ने इस कदर घेर लिया है कि उन्हें उठते-बैठते और जागते-सोते केवल नरेंद्र मोदी ही नजर आते हैं। अपनी डूबती राजनीतिक नाव बचाने और सुर्खियों में बने रहने के लिए वे फोन टैपिंग जैसे निराधार, काल्पनिक और बचकाने आरोप लगाकर खुद ही अपना मजाक बनवा रहे हैं। राहुल गांधी के शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी पर फोन टैपिंग का आरोप लगाने के बाद शिंदे ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जेब में सबूत होने की खोखली बातें करना, हवा में तीर चलाना और रोज नया ‘फेक नैरेटिव’ गढ़ना राहुल गांधी का पूर्णकालिक काम बन गया है। शिंदे के मुताबिक, जब तक राहुल गांधी प्रधानमंत्री का नाम नहीं लेते, तब तक उनकी खबर भी नहीं बनती और न ही वे मीडिया की चर्चा में बने रह पाते हैं। उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के पास न कोई ठोस मुद्दा है, न विकास का विजन और न ही अपने दावों के समर्थन में कोई सबूत। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक ओर देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रगति के नए शिखर छू रहा है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष के नेता हास्यास्पद बयान देकर खुद ही अपनी किरकिरी करा रहे हैं। शिंदे ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘उथले पानी में ही ज्यादा खलबली होती है’ वाली कहावत उन पर सटीक बैठती है।
राहुल गांधी ने क्या लगाया आरोप?
राहुल गांधी ने दावा किया था कि उनका फोन टैप किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके सभी आरोपों के सबूत उनके फोन में मौजूद हैं और केंद्र सरकार उनके फोन को टैप कर रही है। इसी बयान पर एकनाथ शिंदे ने सवाल उठाते हुए राहुल गांधी की आलोचना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *