गौहत्या पर लगे पूर्ण प्रतिबंध, गौमाता को मिले ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा : हरिवंश जी महाराज
पटना में गौमाता सम्मान अभियान को लेकर प्रेस वार्ता, अब तक एक लाख लोगों के जुड़ने का दावा

पटना, बिहार। श्रीधाम वृंदावन के विद्वान एवं ज्योतिषाचार्य श्रद्धेय हरिवंश जी महाराज ने गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग उठाई है। अपने अभियान के तहत पटना पहुंचे महाराज जी ने प्रेस वार्ता में गौवंश के धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम का आयोजन बेटर सोसाइटी ट्रस्ट एवं जोनेवाइज क्लब के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। हरिवंश जी महाराज ने कहा कि गौमाता में 33 करोड़ देवी-देवताओं का निवास माना गया है। गौसेवा से जीवन में सकारात्मकता आती है और ग्रहों की प्रतिकूल दशाओं को अनुकूल बनाने में भी सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि गौवंश की सेवा और संरक्षण को किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं रखना चाहिए। यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बिहार की धरती सनातन संस्कृति की जननी
महाराज जी ने कहा कि बिहार सनातन संस्कृति की जननी रही है। माता सीता के प्राकट्य से लेकर महर्षि कपिल, भगवान महावीर और गुरु गोविंद सिंह जी जैसी महान विभूतियों की यह पवित्र भूमि रही है। उन्होंने कहा कि गौभक्ति और गौसेवा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। महाराज जी ने महाराष्ट्र में गौमाता को राज्यमाता का दर्जा दिए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर में गौमाता के सम्मान और संरक्षण के लिए इसी तरह प्रयास होने चाहिए। उन्होंने लोगों से श्रद्धा और समर्पण के साथ गौसेवा करने की अपील की।
गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित कराने का अभियान तेज, एक लाख लोग जुड़े
हरिवंश जी महाराज ने बताया कि गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान से अब तक लगभग एक लाख लोग जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि गौवंश की रक्षा, सेवा और संरक्षण के लिए जनजागरूकता बढ़ाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने लोगों से अपील की कि गौमाता के प्रति सम्मान केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गौवंश के संरक्षण और सेवा के लिए आगे आना चाहिए। कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोकगायिका स्वर्गीय शारदा सिन्हा के चर्चित छठ गीत ‘पहिले-पहिले हम कइली’ के गीतकार एवं वरिष्ठ पत्रकार हृदय नारायण झा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान गौहत्या पर रोक, गौवंश संरक्षण और गौमाता को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने के अभियान को लेकर विचार-विमर्श हुआ।
