सात समंदर पार पहुंचा दिवाली के फराल का स्वाद, डाक विभाग ने भेजे 8 हजार से अधिक पार्सल

12 अक्टूबर से 7 नवंबर तक महाराष्ट्र परिमंडल में हुई बंपर बुकिंग, अमेरिका से लेकर आयरलैंड तक पहुंचा घर के बने फराल का स्वाद

मुंबई। दिवाली के फराल का स्वाद, घर का अपनापन और परिवार के स्नेह की खुशबू अब सात समंदर पार रहने वाले भारतीयों तक पहुंच रही है। विदेशों में रहने वाले भारतीयों को त्योहार के दौरान घर के बने फराल की कमी महसूस न हो, इसके लिए डाक विभाग के महाराष्ट्र परिमंडल ने अक्टूबर माह से विशेष दिवाली फराल पार्सल सेवा शुरू की थी। इस पहल को जबरदस्त प्रतिसाद मिला है। शुक्रवार को डाक विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 12 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 के बीच महाराष्ट्र परिमंडल में 8,000 से अधिक फराल पार्सल बुक किए गए। इस अभियान में मुंबई, नवी मुंबई, पुणे, नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर और गोवा क्षेत्रों के साथ अंतरराष्ट्रीय मेल केंद्र, मुंबई तथा विदेश डाकघर (एफपीओ), मुंबई का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस वर्ष सबसे अधिक फराल पार्सल अमेरिका, जर्मनी, ब्रिटेन, जापान, रूस, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात, सिंगापुर और आयरलैंड भेजे गए। प्रत्येक पार्सल का औसत वजन लगभग 8 किलोग्राम रहा। डाक विभाग की इस सेवा के माध्यम से नागरिक अपने घरों में तैयार फराल विदेश में रह रहे परिजनों तक भेज सकते हैं। इसके लिए नजदीकी डाकघर से संपर्क किया जा सकता है। महाराष्ट्र परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल श्री रामचंद्र किसन जायभाये ने इस पहल को मिले उत्साहजनक प्रतिसाद के लिए नागरिकों और डाक कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *