ओवैसी-चंद्रशेखर आजाद का नया सियासी दांव, ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का एलान

चंद्रशेखर आजाद होंगे मुख्यमंत्री पद का चेहरा, यूपी की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी

भाजपा को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने का लक्ष्य, सपा-कांग्रेस को भी गठबंधन में शामिल होने का न्योता

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद ने गुरुवार को नए राजनीतिक गठबंधन का एलान किया। लखनऊ में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों नेताओं ने अपने गठबंधन को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया। ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को मोर्चे की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया। दोनों दलों ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही।
भाजपा को रोकने के लिए बनाया गठबंधन
ओवैसी ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में भाजपा को लगातार तीसरी बार सरकार बनाने से रोकना है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह गठबंधन प्रदेश की राजनीति में एक मजबूत विकल्प बनकर उभरेगा। उन्होंने कहा कि दोनों दल मिलकर मोर्चे को सफल बनाने के लिए काम करेंगे। समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने आरोप लगाया कि अल्पसंख्यकों का बड़ा समर्थन मिलने के बावजूद सपा भाजपा को सत्ता से बाहर करने में सफल नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि अब मुस्लिम समाज के ‘अब्दुल’ को भी बराबरी का राजनीतिक दर्जा और हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। ओवैसी ने कहा कि पिछड़े, दलित, शोषित और वंचित वर्गों को राजनीतिक दलों ने लंबे समय तक केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है। चुनाव के समय उनसे वादे किए जाते हैं, लेकिन शिक्षा, रोजगार और सामाजिक अधिकारों से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं होता। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा इन वर्गों की राजनीतिक भागीदारी और अधिकारों की लड़ाई लड़ेगा।
‘यह तीसरा नहीं, पहला मोर्चा है’
चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन को तीसरा मोर्चा कहे जाने पर कहा कि यह तीसरा नहीं, बल्कि पहला मोर्चा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल इसमें दो राजनीतिक दल शामिल हैं, लेकिन जैसे-जैसे कमजोर, पीड़ित और वंचित समाज के लोग इससे जुड़ेंगे, इसका दायरा और ताकत बढ़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बहुजन समाज के नाम पर राजनीति करने वाले दलों ने वर्षों तक गरीबी दूर करने, सामाजिक न्याय और अधिकार दिलाने के वादे किए, लेकिन जमीनी स्तर पर अपेक्षित बदलाव नहीं हुआ। उनके मुताबिक, आम लोगों की स्थिति में सुधार के बजाय राजनीतिक दलों के नेता सत्ता के शीर्ष पदों तक पहुंचते रहे।
आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई का आरोप
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों से बहुजन समाज के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी कमजोर और वंचित वर्ग अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाते हैं, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। उन्होंने अपने जेल जाने और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) लगाए जाने का भी जिक्र किया। आजाद ने कहा कि अब वंचित समाज अपने वोट की ताकत के माध्यम से अपनी समस्याओं का समाधान चाहता है। उन्होंने प्रदेश के अलग-अलग शहरों में दलितों के खिलाफ हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए सामाजिक सुरक्षा और सम्मान को मोर्चे का प्रमुख मुद्दा बताया।
सपा और कांग्रेस के लिए भी खुले दरवाजे
चंद्रशेखर आजाद ने भाजपा को रोकने के लिए व्यापक विपक्षी एकजुटता की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि जो भी राजनीतिक दल भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के उद्देश्य से साथ आना चाहता है, उसका स्वागत है। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी सामाजिक परिवर्तन मोर्चे में शामिल होने का न्योता दिया। आजाद ने कहा कि विपक्षी दलों को एकजुट होना चाहिए, लेकिन कुछ नेताओं के अहंकार के कारण एकता की कोशिशें सफल नहीं हो पा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि उनका मोर्चा सामाजिक परिवर्तन और वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाएगा।
26 नवंबर को होगी जनसभा
ओवैसी ने 26 नवंबर को प्रस्तावित जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों से शामिल होने की अपील की। उन्होंने इसे प्रदेश में सामाजिक परिवर्तन के आंदोलन की शुरुआत बताया। दोनों नेताओं ने जनता से चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में बेहतर भविष्य के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। अब राजनीतिक नजरें इस बात पर रहेंगी कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा अपने संगठन का विस्तार किस तरह करता है और सपा-कांग्रेस के साथ संभावित तालमेल को लेकर आगे क्या तस्वीर सामने आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *