गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन: सीएम योगी ने 125 लोगों की सुनी समस्याएं
बोले- धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा, अधिकारियों को समयबद्ध और संतुष्टिपरक निस्तारण के निर्देश

गोरखपुर, उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में 125 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई करें और प्रत्येक मामले का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित करें। समस्या लेकर पहुंचे लोगों को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा- चिंता मत करिए। सरकार हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने कुर्सियों पर बैठे फरियादियों तक मुख्यमंत्री स्वयं पहुंचे। उन्होंने एक-एक कर लोगों की शिकायतें सुनीं और प्रार्थना पत्र प्राप्त किए। मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश देते हुए संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को शिकायतें संदर्भित कीं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध तरीके से पूरी संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ किया जाना चाहिए। जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का उपचार नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जरूरतमंद मरीजों के उच्चस्तरीय इलाज का एस्टीमेट शीघ्र तैयार कर उपलब्ध कराया जाए। एस्टीमेट प्राप्त होते ही सरकार की ओर से उपचार के लिए धनराशि जारी की जाएगी। इस दौरान बच्चों के साथ पहुंची महिलाओं से भी मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को प्यार-दुलार और आशीर्वाद देते हुए चॉकलेट भेंट की।
