दीपावली की सुबह पारिवारिक विवाद बना खूनी, पति ने लाठी से पीटकर पत्नी की हत्या की

चरगवां के भिड़की गांव की घटना, आरोपी पति गिरफ्तार, न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया

चरगवां, मध्य प्रदेश। दीपावली की सुबह पारिवारिक विवाद ने एक महिला की जान ले ली। चरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम भिड़की में पति ने कथित तौर पर लाठी से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या कर दी। मृतका की पहचान सुकरती बाई के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पति नेमचंद ठाकुर (44) को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, दीपावली की सुबह सुकरती बाई का शव घर के बाहर दहलान में रक्तरंजित अवस्था में मिला। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि घटना से एक रात पहले करीब 9 बजे पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले महिला के बहनोई और भतीजे ने हस्तक्षेप कर दोनों को शांत कराया था। बताया गया कि रात करीब 2 बजे दोनों के बीच दोबारा विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी पति नेमचंद ठाकुर ने पत्नी पर लाठी से हमला कर दिया। मारपीट में महिला के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घायल सुकरती बाई दहलान में जाकर बेहोश होकर गिर गई और वहीं उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी के साथ लाठी से मारपीट करने और उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *