दीपावली से पहले झांसी में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी: मिठाई दुकानों से खोया, डोडा बर्फी और रसगुल्ले के नमूने जांच के लिए भेजे

झांसी, उत्तर प्रदेश। दीपावली पर्व के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए झांसी में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देश पर विभाग की टीम लगातार मिठाई दुकानों, होटल-रेस्टोरेंट और स्ट्रीट वेंडरों के प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर रही है। इसी क्रम में सीपरी बाजार स्थित केवल दूग्ध एंड स्वीट्स भंडार तथा रसबहार स्वीट्स के प्रतिष्ठानों पर प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए खोया, डोडा बर्फी और छेना रसगुल्ला के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के रखरखाव की स्थिति ठीक नहीं पाए जाने पर तत्काल सुधार नोटिस भी जारी किए गए हैं।
मोबाइल लैब वैन से प्रसाद विक्रेताओं और आम नागरिकों को जागरूक किया
सहायक आयुक्त खाद्य एवं अभिहित अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि ‘जागरूकता अभियान एवं एफडीए आपके द्वार’ के तहत फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स मोबाइल प्रयोगशाला के माध्यम से सखी के हनुमान मंदिर क्षेत्र में प्रसाद वितरकों और आम नागरिकों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। मोबाइल लैब वैन के जरिए खाद्य पदार्थों की जांच कर सुरक्षित खाद्य सामग्री के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रचार अभियान चलाकर खाद्य कारोबारियों को डोम-24 उपकरण के माध्यम से तलने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे उबलते तेल की शुद्धता की जांच करने की जानकारी दी गई। कारोबारियों को मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य तेल का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई।
बिना खाद्य लाइसेंस कारोबार करने पर होगी कानूनी कार्रवाई
सहायक आयुक्त खाद्य पवन कुमार ने जनपद के सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराने की चेतावनी दी है। उन्होंने बताया कि बिना लाइसेंस या पंजीकरण कारोबार करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें छह माह तक कारावास और 5 लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान बताया गया है। खाद्य पदार्थों से संबंधित शिकायतों और समस्याओं के लिए विभाग ने टोल फ्री नंबर 18001805533 तथा संबंधित एप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध कराई है। झांसी जनपद से संबंधित जानकारी के लिए सहायक आयुक्त खाद्य-II के मोबाइल नंबर 9368414711 पर संपर्क किया जा सकता है।इस कार्रवाई के दौरान टीम के सदस्य सत्यम भारती, सुनील कुमार, झंकार सिंह, सैनिक सिंह, ज्ञानेंद्र पाल सिंह चंदेल और जितेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
