आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से 21 वर्षीय युवक की मौत

उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर औरास क्षेत्र के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पिकअप वाहन का पहिया जाम होने के बाद सड़क किनारे वाहन की मरम्मत कर रहे चालक और अन्य लोगों को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी जान चली गई। मृतक की पहचान अवनीश पाल (21) पुत्र स्वर्गीय चंद्र किशोर, निवासी ग्राम ताजपुर, पोस्ट खजोहना, संडीला, जिला हरदोई के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन लखनऊ से शामली की ओर जा रहा था। वाहन में अयोध्या दीपोत्सव के डिजिटल प्रचार से संबंधित सामग्री ले जाई जा रही थी। पिकअप को मोहम्मद सलमान चला रहे थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर औरास के पास अचानक वाहन का पहिया जाम हो गया। इसके बाद चालक और अन्य लोग सड़क किनारे वाहन को ठीक कराने में जुट गए। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अवनीश पाल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। अवनीश पाल दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *