पुलिस इंस्पेक्टर की हत्या के विरोध में उज्जैन में कांग्रेस का प्रदर्शन, बनाई मानव शृंखला

उज्जैन, मध्य प्रदेश। देवास जिले के खातेगांव में ड्यूटी पर तैनात पुलिस इंस्पेक्टर की गाड़ी से कुचलकर हत्या किए जाने के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस ने उज्जैन में जोरदार प्रदर्शन किया। शहर के टावर चौक पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मानव शृंखला बनाकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और हत्याकांड के दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं विधायक महेश परमार ने किया। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में हालात बिगड़ चुके हैं। ईमानदारी से ड्यूटी करने वाले पुलिस अधिकारियों को भी सुरक्षा नहीं मिल रही और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष रवि राय, कांग्रेस पार्षदों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि देवास हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को न्याय और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे पुलिस प्रशासन को भी निशाना बनाने से नहीं हिचक रहे। प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा पूरे जिले में प्रदर्शन किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *