राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में खार डोजो का जलवा, 18 पदक जीतकर रचा इतिहास

मुंबई। मुलुंड के कालिदास स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित ‘थर्ड हांशी काटो कप 2026’ राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में खार डोजो के नन्हे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 18 पदक अपने नाम किए। इनमें 8 स्वर्ण, 3 रजत और 7 कांस्य पदक शामिल हैं। IJKA इंडिया द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के साथ श्रीलंका के खिलाड़ियों ने भी हिस्सा लिया।
काता और कुमिते में दिखाया दम
खार डोजो के हृतविक गावडे, हार्दिक सालियन और अनय तेली ने कुमिते में स्वर्ण पदक जीते। वहीं कृष बुरकर, आरव जाधव, भूमिका चौधरी, नीव छेड़ा और सृष्टि मिसाल ने काता स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किए। रजत पदक विजेताओं में काता वर्ग से युविका शर्मा और आदर्श मिसाल तथा कुमिते वर्ग से हृतविक गावडे शामिल रहे। कांस्य पदक काता में उत्कर्ष जाधव, भव्या पवार और फैजान खान ने जीते, जबकि कुमिते में हार्दिक सालियन, कृष बुरकर, आरव जाधव और अनय तेली ने सफलता हासिल की।
कोच ने खिलाड़ियों की मेहनत को सराहा
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर कोच सेंसई सुल्तान खान ने खुशी जताते हुए कहा कि बच्चों को आत्मविश्वास, अनुशासन और मेहनत के साथ प्रदर्शन करते देखना किसी भी कोच के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों के निरंतर अभ्यास, संघर्ष और कराटे के प्रति जुनून का परिणाम है। खार डोजो परिवार ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सुल्तान खान ने विश्वास जताया कि यह तो केवल शुरुआत है और भविष्य में खिलाड़ी इससे भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *