दीपावली पर यूपी के 1.89 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थियों को गैस रिफिल सब्सिडी की सौगात

झांसी, उत्तर प्रदेश। दीपावली के अवसर पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 1.89 करोड़ पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी देने का अभियान शुरू किया। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार से ₹1,500 करोड़ की धनराशि से इस अभियान का शुभारंभ किया। जनपद में कार्यक्रम का उद्घाटन विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन ने किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम सहित जनप्रतिनिधियों ने उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सब्सिडी के चेक और गैस सिलेंडर वितरित किए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी देखा गया।
2.18 लाख से अधिक लाभार्थियों को मिलेगा लाभ
झांसी के प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने बताया कि जनपद में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 2,18,254 लाभार्थी पंजीकृत हैं। लाभार्थियों को पहले उपभोक्ता दर पर गैस सिलेंडर रिफिल कराना होगा, इसके बाद सब्सिडी की राशि आधार से प्रमाणित बैंक खाते में भेजी जाएगी। उन्होंने लाभार्थियों से बैंक खाते को आधार से लिंक कराने और गैस एजेंसी पर आधार प्रमाणीकरण पूरा कराने की अपील की। जिला पूर्ति अधिकारी सौम्या अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान में एक सिलेंडर रिफिल की कीमत ₹983.45 है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से ₹335.40 और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से ₹648.55 की सब्सिडी दी जा रही है। इस तरह पात्र लाभार्थियों को सिलेंडर की पूरी कीमत सब्सिडी के रूप में वापस मिलेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एमएलसी रमा निरंजन ने कहा कि त्योहार के अवसर पर सरकार की इस पहल से लाभार्थी महिलाओं के चेहरों पर खुशी दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य त्योहारों पर भी गरीब परिवारों का ध्यान रखना और उनके घरों में खुशियों का उजाला पहुंचाना है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति निरीक्षक, ऑयल कंपनियों के नोडल अधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *