राष्ट्रवादी अजित पवार गुट में नाराजगी की अटकलों के बीच सुनेत्रा पवार ने बुलाई विधायकों की बैठक

चार महीने बाद मुंबई में होगी पार्टी विधायकों की अहम बैठक, विलय पर सुनील तटकरे ने कहा- मुद्दे पर अब पर्दा पड़ चुका है

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) को लेकर हलचल तेज हो गई है। पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर संगठन में महत्वपूर्ण फैसलों के दौरान उन्हें नजरअंदाज किए जाने पर नाराजगी जताने की खबरों के बीच उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने पार्टी के सभी विधायकों की अहम बैठक बुलाई है। यह बैठक मंगलवार शाम 7 बजे मुंबई स्थित देवगिरी निवास पर होगी। करीब चार महीने बाद पार्टी विधायकों की बैठक आयोजित की जा रही है। ऐसे में इस बैठक को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले सोमवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की कोर कमेटी की बैठक हुई। बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे ने पार्टी में नाराजगी की खबरों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि बैठक में संगठन की मजबूती, पार्टी के कार्यक्रमों और राज्य में सूखे की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। तटकरे ने कहा कि पार्टी एकजुट होकर सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में काम करने की रणनीति तैयार कर रही है। राज्य में सूखे की स्थिति को देखते हुए पार्टी क्या योगदान दे सकती है, इस पर भी विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि संगठन के सामने आने वाली चुनौतियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर बैठक में चर्चा हुई है।
अमित शाह से मुलाकात के बाद बढ़ी राजनीतिक चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, रविवार रात राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस दौरान पार्टी में वरिष्ठ नेताओं को नजरअंदाज कर महत्वपूर्ण फैसले लिए जाने को लेकर नाराजगी जताई गई थी। सूत्रों के अनुसार, इन नेताओं ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार को लेकर भी अपनी असहमति व्यक्त की। इसके अलावा महाराष्ट्र में वित्त विभाग को लेकर भी चर्चा होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस के पास रहा वित्त विभाग वर्तमान में भाजपा के पास है और इसे दोबारा राष्ट्रवादी कांग्रेस को सौंपने की मांग पर भी बातचीत हुई। हालांकि, इन चर्चाओं को लेकर पार्टी की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
विलय के मुद्दे पर अब चर्चा नहीं : सुनील तटकरे
कोर कमेटी की बैठक के बाद सुनील तटकरे से राष्ट्रवादी कांग्रेस के दोनों गुटों के विलय को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि विलय के मुद्दे पर अब पर्दा पड़ चुका है। शरद पवार के नेतृत्व वाले गुट ने भी अपनी भूमिका स्पष्ट कर दी है और अजित पवार गुट ने भी अपना रुख साफ कर दिया है। तटकरे ने दोहराया कि पार्टी में किसी तरह की नाराजगी नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी नेता संगठन के कार्यकर्ता हैं और पार्टी को एकजुट होकर आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं।
विधायकों की बैठक में बड़े फैसलों की संभावना
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार द्वारा मंगलवार शाम 7 बजे देवगिरी निवास पर बुलाई गई विधायकों की बैठक को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में संगठनात्मक बदलाव, पार्टी की आगामी रणनीति और कुछ महत्वपूर्ण राजनीतिक फैसलों पर विचार किया जा सकता है। अमित शाह से वरिष्ठ नेताओं की मुलाकात, वित्त विभाग को लेकर उठी चर्चा और सुनेत्रा पवार की ओर से अचानक बुलाई गई बैठक के कारण महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस के भीतर की गतिविधियों पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। हालांकि, बैठक में किन मुद्दों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा, यह स्पष्ट नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *