फिल्ममेकर संजय गुप्ता का 57 वर्ष की उम्र में निधन, फिल्म इंडस्ट्री में शोक

‘कांटे’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ और ‘काबिल’ जैसी फिल्मों के निर्देशक के आकस्मिक निधन पर संजय दत्त, काजोल और सोनू सूद ने जताया दुख

मुंबई। फिल्ममेकर संजय गुप्ता का 57 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात वर्सोवा पुलिस थाना क्षेत्र स्थित अपने घर में अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी और उनकी जान चली गई। उनके आकस्मिक निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। संजय गुप्ता ‘कांटे’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ और ‘काबिल’ जैसी फिल्मों के निर्देशन के लिए जाने जाते थे। उनके निधन पर अभिनेता संजय दत्त ने भावुक श्रद्धांजलि दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर दोनों की पुरानी तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि वे हाल ही में ‘कांटे 2’ को लेकर चर्चा कर रहे थे। संजय दत्त ने इसे अपने दोस्त का सपना बताते हुए कहा कि वह इस फिल्म को उनकी याद में पूरा करने की पूरी कोशिश करेंगे।
काजोल और सोनू सूद ने भी दी श्रद्धांजलि
अभिनेत्री काजोल ने संजय गुप्ता के निधन को दिल तोड़ने वाली खबर बताते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। अभिनेता सोनू सूद ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें याद करते हुए कहा कि सेट पर साथ बिताए समय की यादें हमेशा उनके दिल के करीब रहेंगी। अभिनेता हर्षवर्धन राणे ने फिल्म ‘द मिरांडा ब्रदर्स’ की शूटिंग के दौरान उनके साथ बिताए पलों को याद किया। उन्होंने बताया कि संजय गुप्ता सेट पर और उसके बाहर हमेशा खुशमिजाज रहते थे तथा कलाकारों के साथ परिवार जैसा व्यवहार करते थे। संजय गुप्ता के निधन से फिल्म जगत ने एक ऐसे फिल्ममेकर को खो दिया है, जिनकी फिल्मों और कलाकारों के साथ उनकी दोस्ती को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *