निर्माण स्थलों से सरिया चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच आरोपी गिरफ्तार
तीन ट्रक और एक टेम्पो समेत 1.64 करोड़ रुपये का माल जब्त

इंद्र यादव/मुंबई। मुंबई के निर्माण स्थलों और औद्योगिक क्षेत्रों से लोहे की सरिया चोरी करने वाले संगठित गिरोह का अपराध शाखा यूनिट-7 ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 1 करोड़ 64 लाख 25 हजार 990 रुपये का माल जब्त किया है। इसमें 54 लाख 25 हजार 990 रुपये की लोहे की सरिया, तीन ट्रक और एक अशोक लेलैंड टेम्पो शामिल हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग आपसी साजिश के तहत पैसों के बदले ट्रेलरों की मदद से निर्माण स्थलों से सरिया चोरी कर रहे हैं। इसके बाद विशेष टीम गठित कर निगरानी और कार्रवाई शुरू की गई। 28 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 5:55 बजे घाटकोपर पूर्व में पूर्व द्रुतगति महामार्ग पर ठाणे से मुंबई की ओर जाने वाली सड़क के किनारे हायवे सुविधा शौचालय के पास पुलिस ने आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। उनके पास से 38,380 किलो सरिया बरामद हुई, जिसकी कीमत 23 लाख 2 हजार 800 रुपये बताई गई है।
जांच में चूनाभट्टी स्थित जुगल इंडस्ट्रियल एस्टेट से भी इसी गिरोह द्वारा 1 लाख 4 हजार 750 किलो सरिया चोरी किए जाने का मामला सामने आया। इसकी कीमत 31 लाख 23 हजार 190 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में चोरी का माल बरामद कर पंतनगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आगे की जांच अपराध शाखा यूनिट-7 कर रही है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अपर पुलिस आयुक्त कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त नवनाथ ढवले और सहायक पुलिस आयुक्त धर्मपाल बनसोडे के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वालों की तलाश कर रही है।
