बिहार में शराब तस्करी का अनोखा तरीका, 18 महिलाओं समेत 33 आरोपी गिरफ्तार

चंदौली के बंद रेस्टोरेंट में छापेमारी, 520.7 लीटर अवैध शराब बरामद, अखबार में लपेटकर और शरीर पर टेप से चिपकाकर बिहार भेजी जाती थी शराब

चंदौली। बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब की तस्करी का सिलसिला जारी है। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए शराब की बोतलों को अखबार में लपेटकर पारदर्शी टेप से चिपकाने का तरीका अपनाया था। पुरुष शराब को पिट्ठू बैग और कपड़ों के थैलों में रखते थे, जबकि महिलाएं पर्स, सूटकेस और कपड़ों के साथ बोतलों को शरीर पर टेप से चिपकाकर बिहार ले जाती थीं। चंदौली कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 18 महिलाओं समेत 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चंदौली कस्बे के वार्ड नंबर पांच स्थित बंद पड़े चंदौली रेस्टोरेंट में छापेमारी कर 520.7 लीटर अवैध शराब बरामद की। इसमें विभिन्न ब्रांड की 2,234 बोतलें, टेट्रा पैक और पाउच शामिल हैं। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 37,690 रुपये नकद, एक टेंपो, दो मोटरसाइकिल और एक मोपेड भी जब्त की गई।
बाइक सवार से पूछताछ में खुला तस्करी का राज
मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह पुलिस टीम के साथ सकलडीहा तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो लोगों को रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखकर चालक बाइक मोड़कर भाग निकला, जबकि पीछे बैठा व्यक्ति फिसलकर गिर गया। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान बिहार के वैशाली जिले के सुमंत कुमार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पिट्ठू बैग से शराब बरामद हुई। पूछताछ में उसने वार्ड नंबर पांच स्थित बंद पड़े चंदौली रेस्टोरेंट में शराब की बड़ी खेप जमा होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने रेस्टोरेंट पर दबिश दी।
सीढ़ियों के नीचे बने गुप्त दरवाजे से होती थी आवाजाही
पुलिस के मुताबिक, रेस्टोरेंट के भीतर सीढ़ियों के नीचे बने दरवाजे से प्रवेश करने पर कम रोशनी में बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं शराब की बोतलों की पैकिंग करते मिले। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी 33 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि रेस्टोरेंट में शराब इकट्ठा कर छोटी-छोटी खेप तैयार की जाती थी। इसके बाद ट्रेनों, बसों और निजी वाहनों के जरिए शराब बिहार भेजी जाती थी। बोतलों को अखबार में लपेटकर और टेप से चिपकाकर इस तरह पैक किया जाता था कि पुलिस की नजर से बचाया जा सके। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। रेस्टोरेंट मालिक और शराब ठेके से जुड़े संतोष गुप्ता की भूमिका भी पूछताछ में सामने आई है। रेस्टोरेंट के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में तीन चंदौली जिले के
गिरफ्तार आरोपियों में चंदौली जिले के रोहित कुमार निवासी बसिला, धर्मेंद्र खरवार निवासी फगुईया और सन्नी गुप्ता निवासी दिघवट शामिल हैं। शेष आरोपी बिहार के विभिन्न जिलों के रहने वाले हैं। इनमें चंद्रप्रकाश निवासी दुभारा, पटना; शंकर चौहान निवासी सब्बलपुर, नालंदा; श्रीनिवास पासवान निवासी बनरसिया, सासाराम; अखिलेश कुमार और सुरेंद्र कुमार यादव निवासी बहरामपुर, वैशाली; लालबाबू महतो निवासी सब्बलपुर, पटना; राधेकिशुन राय निवासी जफराबाद, वैशाली; मंजय कुमार निवासी बहरामपुर, वैशाली; मुकेश महतो निवासी सब्बलपुर, पटना; राजकुमार राय निवासी संस्तापुर, वैशाली और सुमंत कुमार निवासी तयोपुर, वैशाली शामिल हैं।
बिहार की 18 महिलाएं भी गिरफ्तार
गिरफ्तार महिलाओं में शैला देवी निवासी पटना सिटी, सविता देवी निवासी सिगौड़ी, पटना; सुनीता देवी निवासी मरसलामी, पटना; रेनू देवी निवासी चंडी, नालंदा; बेबी देवी निवासी कुसरुपुर, पटना; ज्योति देवी निवासी महनार, वैशाली; रिंकू देवी निवासी फतुहा, पटना और सरिता देवी निवासी बाईपास, पटना शामिल हैं। इसके अलावा मोनी निवासी टुंगी, गया; मिंटू देवी निवासी हुलासीगंज, जहानाबाद; सुलेखा देवी निवासी नगरनौसा, पटना; मीना देवी निवासी मरसलामी, पटना; रेखा देवी निवासी वजीरगंज, गया; जासो देवी निवासी चौक, पटना; शीला देवी निवासी जमालपुर, पटना; मुस्कान निवासी भरथरी, पटना; सुनैना देवी निवासी काकोर, जहानाबाद और निभा देवी निवासी अकोडीटोला, रोहतास को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *