दुबई में पाकिस्तानी मुक्केबाज से भिड़ेंगे बदायूं के अदनान अहमद

बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के ककराला क्षेत्र स्थित रमजानपुर गांव के मुक्केबाज अदनान अहमद दुबई में अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग मुकाबले में पाकिस्तानी मुक्केबाज अबू बकर शेख से भिड़ेंगे। दोनों के बीच यह रोमांचक मुकाबला 6 नवंबर को दुबई के प्रसिद्ध निक्की बीच रिसॉर्ट, पर्ल जुमेराह में आयोजित होगा। मुकाबले के लिए अदनान दुबई पहुंच चुके हैं। 26 वर्षीय अदनान अहमद, संख्या अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त सलमान जमीर उर्फ चांद मियां के पुत्र हैं। तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे अदनान ने बरेली के हार्टमैन कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने गोवा से बीएससी होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया। टॉपर रहने के कारण उन्हें गोवा के फाइव स्टार होटल ग्रैंड हयात में नौकरी भी मिली। इसी दौरान उनके भीतर मुक्केबाजी का जुनून पैदा हुआ।
सोशल मीडिया की चुनौती को किया स्वीकार
अदनान ने फोन पर बताया कि वर्ष 2022 में कोरोना महामारी के दौरान घर लौटने के बाद उन्होंने गोवा के अपने सहपाठी और ग्वालियर निवासी ठाकुर विवेक सिंह परमार की प्रेरणा से अपनी शारीरिक क्षमता और बॉक्सिंग कौशल को निखारा। सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी मुक्केबाज अबू बकर शेख ने उन्हें मुकाबले की चुनौती दी थी, जिसे अदनान ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद दुबई बॉक्सिंग एसोसिएशन की ओर से 6 नवंबर को पर्ल जुमेराह में दोनों मुक्केबाजों के बीच मुकाबला निर्धारित किया गया। इस फाइट का आयोजन मूका बॉक्सिंग प्रमोशंस द्वारा किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर मुकाबले को लेकर चर्चा
मुकाबले से पहले सोशल मीडिया और डिनर मीटिंग्स के दौरान दोनों मुक्केबाजों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली है। इसके चलते यह फाइट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। गोवा में मुक्केबाजी का शौक विकसित करने वाले अदनान अहमद अपनी मेहनत और लगन के दम पर अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग रिंग तक पहुंचे हैं। अब वह दुबई में पाकिस्तानी मुक्केबाज को चुनौती देने और भारत का तिरंगा लहराने के इरादे से रिंग में उतरेंगे।
