प्रधानमंत्री मोदी ने पुणे मेट्रो-3 का किया उद्घाटन, बोले- मेट्रो विस्तार से पुणे के विकास को मिलेगी नई गति
हिंजवड़ी से शिवाजीनगर तक मेट्रो सेवा शुरू, पुणे मेट्रो के दूसरे चरण का भूमिपूजन, 2030 तक पुणे-पीएमआर को देश का प्रमुख मोबिलिटी केंद्र बनाने का लक्ष्य

पुणे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पुणे मेट्रो के विस्तार से शहर के विकास और यातायात व्यवस्था को नई गति मिलेगी। मंगलवार को हिंजवड़ी से शिवाजीनगर के बीच मेट्रो सेवा शुरू होने से पुणे के बड़े आईटी क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी तथा शहर के पुराने और नए हिस्सों के बीच संपर्क मजबूत होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मेट्रो के विस्तार से पुणे के आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘माण-हिंजवड़ी से शिवाजीनगर मेट्रो मार्गिका-3’ के उद्घाटन और ‘पुणे मेट्रो चरण-2’ के भूमिपूजन समारोह में बोल रहे थे। इस अवसर पर राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोळ, मंत्री चंद्रकांत पाटील, राज्यमंत्री माधुरी मिसाळ, पुणे की महापौर मंजुषा नागपुरे, पिंपरी-चिंचवड़ के महापौर रवि लांडगे और सांसद श्रीरंग बारणे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पुणे आईटी, ऑटोमोबाइल, फार्मा, स्टार्टअप, नवाचार और उत्पादन क्षेत्र का महत्वपूर्ण केंद्र है। आधुनिक मेट्रो सुविधाओं से शहर की उत्पादकता और आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में देश में केवल 248 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क संचालित था, जो अब लगभग 1,200 किलोमीटर तक पहुंच गया है। वर्तमान में 26 शहरों में मेट्रो सेवाएं उपलब्ध हैं और प्रतिदिन एक करोड़ से अधिक यात्री मेट्रो से यात्रा कर रहे हैं। भारतीय मेट्रो नेटवर्क दुनिया के तीन सबसे बड़े मेट्रो नेटवर्क में शामिल हो गया है। महाराष्ट्र में वर्ष 2014 में केवल 10 से 11 किलोमीटर मेट्रो मार्ग संचालित था, जबकि अब लगभग 200 किलोमीटर मेट्रो मार्ग सेवा में है। राज्य में 680 किलोमीटर से अधिक मेट्रो मार्गों का निर्माण कार्य जारी है। मेट्रो बुनियादी ढांचे में 2.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मेट्रो से यात्रा का समय बचता है, शहरों की उत्पादकता बढ़ती है और अर्थव्यवस्था को गति मिलती है। पुणे मेट्रो का पीपीपी मॉडल सरकार और निजी क्षेत्र के सहयोग से विकास की नई संभावनाएं पैदा कर रहा है। उन्होंने शहरी विकास के लिए एक लाख करोड़ रुपये के अर्बन चैलेंज फंड का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे शहरों में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होगा। सड़क, रेल, विमानतल, मेट्रो, बिजली, पानी और गैस पाइपलाइन जैसे क्षेत्रों में निवेश से रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।
संकटग्रस्त किसानों के साथ सरकार: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने महाराष्ट्र में प्रतिकूल मौसम के कारण परेशान किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार संकट की स्थिति में किसानों के साथ खड़ी हैं। उन्होंने किसानों से चिंता नहीं करने और सरकार की सहायता पर भरोसा रखने की अपील की। दिवाली के अवसर पर उन्होंने लोगों से दुष्कालग्रस्त और संकट में घिरे किसान परिवारों का ध्यान रखने तथा उनके घरों में भी त्योहार की खुशियां पहुंचाने की सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
2030 तक पुणे-पीएमआर बनेगा प्रमुख मोबिलिटी केंद्र: सीएम फडणवीस
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पुणे, पिंपरी-चिंचवड़ और पुणे महानगर प्रदेश (पीएमआर) में मेट्रो, इलेक्ट्रिक बस, इनर रिंग रोड, आउटर रिंग रोड, सुरंगों और नए विमानतल सहित आधुनिक परिवहन सुविधाओं का व्यापक नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के माध्यम से 2030 तक पुणे महानगर प्रदेश देश का प्रमुख मोबिलिटी केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि हिंजवड़ी देश का महत्वपूर्ण आईटी हब है, जहां प्रतिदिन हजारों कर्मचारी काम के लिए आते हैं। यातायात जाम के कारण कर्मचारियों को कई बार एक से दो घंटे तक परेशान होना पड़ता है। मेट्रो सेवा शुरू होने से आईटी क्षेत्र के कर्मचारियों, विशेषकर युवाओं को बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि शिवाजीनगर-हिंजवड़ी मेट्रो देश की सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत विकसित पहली परियोजना है। टाटा प्रोजेक्ट्स और सीमेंस ने डीबीओटी मॉडल पर इसका निर्माण किया है। केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग, व्यवहार्यता अंतर निधि तथा राज्य सरकार द्वारा भूमि अधिग्रहण के कारण परियोजना पूरी हुई। उन्होंने कहा कि मेट्रो केवल यातायात सुविधा नहीं, बल्कि निवेश, रोजगार और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने वाली व्यवस्था है। पुणे मेट्रो को ग्रीन मेट्रो के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो अपनी आवश्यक ऊर्जा का 30 प्रतिशत स्वयं उत्पन्न करेगी।
मेट्रो-3 से पुणे की यातायात व्यवस्था को मिलेगी मजबूती: एकनाथ शिंदे
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि पुणे मेट्रो मार्गिका-3 शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव लाएगी। इससे यातायात जाम कम होगा और नागरिकों का सफर अधिक तेज, सुरक्षित तथा आरामदायक बनेगा। उन्होंने कहा कि दिवाली के अवसर पर पुणेकरों को मेट्रो की ऐतिहासिक सौगात मिली है। सरकार ने परियोजना को समय पर पूरा करने का संकल्प निभाया है। मेट्रो परियोजना के निर्माण में पीएमआरडीए, महामेट्रो, टाटा प्रोजेक्ट्स, सीमेंस और संबंधित अधिकारियों का योगदान सराहनीय है। शिंदे ने मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक, पुणे रिंग रोड और अन्य परिवहन परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके पूरा होने से पुणे और मुंबई के बीच यात्रा का समय कम होगा। उन्होंने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के पुणे के विकास में योगदान को भी याद किया।
पुणे मेट्रो-3 बनेगी देश की पहली 100 प्रतिशत महिला संचालित मेट्रो: सुनेत्रा पवार
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने कहा कि पुणे मेट्रो मार्गिका-3 लगभग 8,313 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की गई है। यह देश की पहली 100 प्रतिशत महिला संचालित मेट्रो बनने जा रही है। इस मार्ग पर लगभग 100 महिला ट्रेन पायलट तथा स्टेशन कर्मचारियों में 50 प्रतिशत महिलाएं संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगी। उन्होंने बताया कि मेट्रो चरण-2 के तहत चार विस्तारित मार्गों को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी है। लगभग 31 किलोमीटर लंबे और 28 स्टेशन वाले इन मार्गों के लिए 9,858 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी मिली है। विस्तार के बाद पुणे मेट्रो नेटवर्क 100 किलोमीटर से अधिक हो जाएगा। उन्होंने कहा कि दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने पुणे मेट्रो के डीपीआर, मंजूरी और आवश्यक निधि उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। हिंजवड़ी, माण और मारुंजी क्षेत्र में यातायात, पानी, बिजली, कचरा प्रबंधन तथा मेट्रो कनेक्टिविटी से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टास्क फोर्स गठित किया गया है।
पुणे मेट्रो का विस्तार ऐतिहासिक उपलब्धि: मुरलीधर मोहोळ
केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोळ ने कहा कि हिंजवड़ी से शिवाजीनगर तक 23 किलोमीटर के मेट्रो मार्ग से पुणे मेट्रो नेटवर्क लगभग 55 किलोमीटर तक विस्तारित होगा। इससे आईटी कर्मचारियों और लाखों नागरिकों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि सितंबर महीने में 9 लाख 58 हजार 603 पुणेकरों ने मेट्रो से यात्रा की। मेट्रो अब पुणेकरों की जीवनवाहिनी बन रही है। खडकवासला-खराड़ी, वनाज-चांदणी चौक, रामवाडी-वाघोली और मानिकबाग-नळस्टॉप जैसे नए मार्गों के विस्तार से शहर के पूर्व, पश्चिम और दक्षिण हिस्सों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। कार्यक्रम में पीएमआरडीए आयुक्त अभिजीत चौधरी ने परियोजना की जानकारी दी। महाराष्ट्र मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक श्रावण हर्डीकर, पीएमआरडीए के महानगर आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी, अतिरिक्त महानगर आयुक्त के. मंजुलक्ष्मी और पुणे आईटी सिटी मेट्रो रेल लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिल कुमार सैनी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
