बीएमसी कर्मचारियों की दिवाली होगी खुशहाल, ₹33 हजार का बोनस घोषित

महापौर रितू तावड़े ने की घोषणा, नवंबर के नियमित वेतन के साथ मिलेगी राशि

मुंबई। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के अधिकारियों और कर्मचारियों को दिवाली 2026 के अवसर पर ₹33,000 का सानुग्रह अनुदान दिया जाएगा। मुंबई की महापौर रितू तावड़े ने बुधवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने महानगरपालिका प्रशासन को निर्देश दिया कि यह राशि नवंबर महीने के नियमित वेतन के साथ एकमुश्त अदा की जाए, ताकि अधिकारी और कर्मचारी दिवाली का त्योहार खुशी से मना सकें। इस संबंध में महापौर कक्ष में आयोजित बैठक में उपमहापौर संजय घाड़ी, विपक्ष की नेता किशोरी पेडणेकर, सदन के नेता गणेश खणकर, कांग्रेस के समूह नेता अशरफ आजमी, एआईएमआईएम के समूह नेता विजय उबाळे, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के समूह नेता यशवंत किल्लेदार, समाजवादी पार्टी की समूह नेता अमरीन अब्राहानी, स्थायी समिति अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे, शिक्षा समिति अध्यक्ष राजेश्री शिरवडकर, सह आयुक्त (वित्त) देविदास क्षीरसागर और उपायुक्त (सामान्य प्रशासन) किशोर गांधी सहित महानगरपालिका की कामगार-कर्मचारी यूनियनों की समन्वय समिति के पदाधिकारी उपस्थित थे। महापौर रितू तावड़े ने कहा कि इस वर्ष कम बारिश के कारण महाराष्ट्र के कई हिस्सों में सूखे जैसी स्थिति उत्पन्न हुई है। राज्य सरकार ने निर्धारित मानदंडों के अनुसार 300 तालुकों में सूखा घोषित कर विभिन्न राहत उपाय शुरू किए हैं। राज्य की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए महानगरपालिका के समूह नेताओं, पदाधिकारियों, प्रशासन और कामगार-कर्मचारी संगठनों की समन्वय समिति ने अधिकारियों और कर्मचारियों को ₹33,000 का दिवाली सानुग्रह अनुदान देने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया है। महापौर के निर्देशानुसार, अनुदान की राशि नवंबर के नियमित वेतन के साथ एकमुश्त दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *