इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट पर सपा का कब्जा, डॉ.मान सिंह यादव विजयी

डॉ. मान सिंह यादव को 60,358 मत मिले, भाजपा के अशोक कुमार राठौर को 32,695 वोट; मतगणना के बाद निर्वाचन अधिकारी ने सौंपा प्रमाण पत्र

देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव ने जीत दर्ज की। बुंदेलखंड महाविद्यालय स्थित कोठारी हॉल में मतगणना शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। निर्वाचन परिणाम के बाद रिटर्निंग ऑफिसर एवं मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने डॉ. यादव को प्रमाण पत्र प्रदान किया। मतगणना के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, डॉ. मान सिंह यादव को 60,358 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर को 32,695 मत मिले। निर्दलीय प्रत्याशी शिवशंकर पटेल को 3,949 मत प्राप्त हुए। कुल 1,09,482 मतपत्रों की गिनती की गई, जिनमें से 9,596 मतपत्र अवैध पाए जाने पर निरस्त कर दिए गए।
14 टेबलों पर नौ चक्रों में हुई मतगणना
मतगणना की प्रक्रिया 14 टेबलों पर नौ चक्रों में पूरी की गई। सबसे पहले मतपेटियों से मतपत्र निकालकर उनकी गिनती की गई। इसके बाद मिलान और प्रत्याशीवार मतों की गणना की गई। अवैध मतपत्रों की जांच प्रेक्षक एवं रिटर्निंग ऑफिसर ने स्वयं की। पूरी प्रक्रिया जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में संपन्न हुई और मतगणना के दौरान उठाई गई शंकाओं एवं समस्याओं का तत्काल निस्तारण किया गया।
अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया धन्यवाद
रिटर्निंग ऑफिसर एवं मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से निर्वाचन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हुई। इस अवसर पर सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं जिलाधिकारी गौरांग राठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पल्लवी मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), विभिन्न उपजिलाधिकारी तथा अन्य जिलों के उप जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *