टेसू-झांझी के मंगलगीतों के बीच मौत का तांडव, तेज रफ्तार कार ने पांच लोगों को रौंदा

फिरोजाबाद के छंटनपुरा गांव में हादसे में 12 लोग घायल, दो सगी बहनों की मौत से मातम, ग्रामीणों ने कार सवारों पर लगाए नशे में होने के आरोप

फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश। शिकोहाबाद क्षेत्र के छंटनपुरा गांव में रविवार रात टेसू-झांझी की शादी के मंगलगीत गाते हुए विसर्जन के लिए निकली महिलाओं और ग्रामीणों की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक तेज रफ्तार कार ने उत्सव मना रहे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। घायल चंद्रवीर के मुताबिक, कार सवार बटेश्वर की ओर से आते समय पहले लोगों को टक्कर मारकर भागने की कोशिश कर रहे थे। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर सड़क पर लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया तो कार सवारों ने भागने के दौरान दोबारा भीड़ की ओर गाड़ी दौड़ा दी। इससे कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद कार सवार भी घायल हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला संयुक्त अस्पताल, शिकोहाबाद पहुंचाया।
दो सगी बहनों की मौत से गांव में मातम
हादसे में मृत दो सगी बहनों आकांक्षा और अंजलि के शवों को रात करीब सवा दस बजे पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की तैयारी हुई तो ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। हंगामे की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और एसएसपी आदित्य लांग्हे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा सके।
अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना
हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इनमें डीएम संतोष कुमार शर्मा, एसएसपी आदित्य लांग्हे, एसपी देहात अनुज चौधरी, सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी, सीओ शिकोहाबाद जयबिंद गुप्ता, एसडीएम शिकोहाबाद राजेश शुक्ला, मक्खनपुर इंस्पेक्टर चमन शर्मा और सिरसागंज इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह शामिल रहे। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। संवेदना व्यक्त करने सिरसागंज से सपा विधायक सर्वेश यादव और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह यादव भी पहुंचे।
नशे में होने का आरोप, कार में तोड़फोड़
ग्रामीणों का आरोप है कि कार सवार नशे की हालत में थे और उनकी गाड़ी में शराब भी रखी हुई थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कार में तोड़फोड़ की और कार सवारों की पिटाई भी कर दी, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस ने घायल ग्रामीणों के साथ कार सवारों को भी उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। घायल कार सवारों की पहचान अकील पुत्र शकील अहमद, इरफान (30) पुत्र अली खान और गुरफान (30) पुत्र अली खान, निवासी वजीरपुर, दिल्ली के रूप में हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *