सपा में पूर्व आईएएस समेत कई नेताओं की एंट्री, अखिलेश बोले— आने वाले समय में जीत बड़ी होने जा रही है
लखनऊ में प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व आईएएस राम बहादुर पासी समेत कई नेताओं ने ग्रहण की सदस्यता, आउटसोर्सिंग खत्म करने और गरीबों को आवास देने का ऐलान

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान विभिन्न दलों से आए नेताओं का स्वागत किया। पूर्व आईएएस राम बहादुर पासी, कुशाग्र शाक्य, विनोद शाक्य और बसपा से जुड़े राम बहादुर पाल समेत कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। अखिलेश यादव ने कहा कि नए नेताओं के पार्टी में शामिल होने से पूरब से पश्चिम तक राजनीतिक हलचल हुई है। उन्होंने नए साथियों को पीडीए का पिलर बताते हुए कहा कि आने वाले समय में जीत बड़ी होने जा रही है। दारा सिंह प्रजापति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा- जिनके साथ दारा होंगे, अखाड़ा वही जीतेंगे। राम नाम का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “जिनके नाम में राम जुड़ा हो, उनके बन जाएंगे सब काम।
आउटसोर्सिंग खत्म करने और गरीबों को आवास देने का वादा
अखिलेश यादव ने महर्षि वाल्मीकि जयंती पर अवकाश देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म की जाएगी और सफाई कर्मचारियों के हित में विशेष घोषणा की जाएगी। उन्होंने गरीब परिवारों को उनके घरों का मालिकाना हक दिलाने की दिशा में काम करने तथा जिन गरीबों के पास घर नहीं हैं, उनके लिए अलग से आवास बनाकर देने की व्यवस्था करने की बात भी कही।

मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, आधार से जोड़ने की मांग
सपा अध्यक्ष ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वोटर लिस्ट में धांधली और वोट डकैती कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि एक ही नाम की कई जिलों में एंट्री सामने आ रही हैं। उनके मुताबिक, चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि कोई पात्र मतदाता छूटे नहीं और मतदाता सूची में गलत नाम दर्ज न हों। उन्होंने मतदाता सूची को आधार से जोड़ने और बूथ स्तर पर बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू करने की मांग की। अखिलेश ने कहा कि मतदाता पहचान पत्र ऐसा होना चाहिए, जिसकी नकल बनाना आसान न हो। उन्होंने भाजपा और चुनाव आयोग के बीच मिलीभगत का आरोप लगाते हुए मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की तकनीक की मदद से जांच कराने की मांग की।
कानून-व्यवस्था और आरक्षण पर सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उन्हें कुछ हत्याओं के कारणों की जानकारी नहीं है, लेकिन उनके अनुसार देश में कानून-व्यवस्था की स्थिति सबसे खराब है। उन्होंने आरक्षण में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए टीजीटी भर्ती का भी जिक्र किया। उन्होंने भाजपा पर चुनाव में घुसपैठ का मुद्दा उठाने और सीमाओं की सुरक्षा के मामले में विफल रहने का आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के संदर्भ में चीन की घुसपैठ से जुड़ी खबरों का भी उल्लेख किया।
विपक्षी गठबंधन मजबूत करने पर जोर
विपक्षी गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि वह इसे मजबूत करना चाहते हैं और भाजपा को उत्तर प्रदेश की सत्ता से हटाने के लिए मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य सत्ता की गद्दी नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है। सपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के जो विधायक समाजवादी पार्टी से टिकट चाहते हैं, उन्हें उनके पास लाया जाए।
