शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे नागपुर से गिरफ्तार
बहन रश्मि और चालक दानिश भी पकड़े गए, तीनों पर था 50-50 हजार रुपये का इनाम

लखनऊ। हजरतगंज थाना क्षेत्र के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार चल रही मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे को पुलिस ने 11 दिन की तलाश के बाद नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक दानिश को भी पकड़ा गया है। तीनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, श्रद्धा को नागपुर के वर्धा रोड स्थित चिंच भवन इलाके से गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई यूपी एसटीएफ की वाराणसी यूनिट, लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट और नागपुर पुलिस के संयुक्त प्रयास से की गई। नागपुर क्राइम ब्रांच के डीसीपी दीपक अग्रवाल ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। लखनऊ पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद लखनऊ लाया जा रहा है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार, श्रद्धा दुबे रविवार को लखनऊ में हाई कोर्ट में गिरफ्तारी पर रोक से जुड़े कागजात पर हस्ताक्षर करने के बाद चालक दानिश के साथ फरार हो गई थी। उसकी बहन रश्मि दुबे भी साथ थी। इसके बाद से यूपी एसटीएफ और लखनऊ पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में जुटी थीं। हजरतगंज थाने में 9 अक्टूबर 2026 को रंजना शर्मा की तहरीर पर मुकदमा संख्या 216/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस को कानपुर नंबर की एक गाड़ी के बारे में जानकारी मिली, जिसमें श्रद्धा, रश्मि और दानिश के घूमने की बात सामने आई। इसी सुराग के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। तकनीकी निगरानी और आईपी एड्रेस ट्रैकिंग के जरिए पुलिस को आरोपियों की नागपुर में लोकेशन का पता चला। पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा लगातार अपनी लोकेशन बदल रही थी और नागपुर से भी आगे निकलने की कोशिश में थी। संयुक्त टीम ने उससे पहले ही कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर शिवा शर्मा की मौत से जुड़े घटनाक्रम, फरारी के दौरान उनकी मदद करने वालों और अन्य संभावित कड़ियों की जांच करेगी।
