महानवमी पर गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने किया कन्या पूजन, नौ कन्याओं के पांव पखारकर लिया आशीर्वाद

गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुसार कन्याओं और बटुकों का विधि-विधान
से पूजन, मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से परोसा भोजन और दिए उपहार

गोरखपुर, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को शारदीय नवरात्र की महानवमी तिथि पर गोरखनाथ मंदिर में गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुसार कन्या पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने नौ दुर्गा स्वरूपा कन्याओं के पांव पखारे, विधि-विधान से पूजन कर चुनरी ओढ़ाई और आरती उतारी। इसके बाद कन्याओं को श्रद्धापूर्वक भोजन कराकर उपहार एवं दक्षिणा प्रदान की और उनका आशीर्वाद लिया। गोरखनाथ मंदिर के अन्न क्षेत्र के प्रथम तल स्थित भोजन कक्ष में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कन्या पूजन अनुष्ठान संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने पीतल की परात में जल लेकर नौ कन्याओं के पांव धोए। इसके बाद उनके माथे पर रोली, चंदन, दही और अक्षत का तिलक लगाया। श्रीदुर्गासप्तशती के मंत्रों के बीच कन्याओं का पुष्पों और शक्तिपीठ की वेदी पर उगाए गए जौ के ज्वारों से पूजन किया गया। मुख्यमंत्री ने कन्याओं को माला पहनाई, चुनरी ओढ़ाई तथा उपहार और दक्षिणा देकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।कन्याओं और बटुकों को अपने हाथों से परोसा भोजन
कन्या पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कन्याओं और बटुकों को मंदिर की रसोई में तैयार ताजा भोजन प्रसाद अपने हाथों से परोसा। नौ कन्याओं के अतिरिक्त मंदिर पहुंचे बड़ी संख्या में अन्य बालिकाओं और बटुकों का भी पूजन किया गया। अन्न क्षेत्र के प्रथम तल के साथ भूतल पर भी कन्या भोज की व्यवस्था की गई थी। मुख्यमंत्री ने भोजन के दौरान कन्याओं और बटुकों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने मंदिर की व्यवस्था से जुड़े लोगों को निर्देश दिया कि सभी बच्चों को पर्याप्त भोजन प्रसाद मिले और किसी प्रकार की कमी न रहे।
गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुसार बटुक पूजन भी किया
कन्या पूजन के साथ मुख्यमंत्री ने गोरक्षपीठ की परंपरा का निर्वहन करते हुए बटुक भैरव का भी विधि-विधान से पूजन किया।उन्होंने बटुकों के पांव पखारे, तिलक लगाया और आरती उतारकर उन्हें भोजन कराया। इसके बाद उपहार एवं दक्षिणा प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान कन्याओं और बटुकों में उत्साह दिखाई दिया। मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत करते हुए उन्हें स्नेह और आशीर्वाद दिया।मां सिद्धिदात्री की भी की आराधना
कन्या पूजन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर स्थित शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। महानवमी के अवसर पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास सहित अनेक साधु-संत उपस्थित रहे। गोरक्षपीठ में शारदीय नवरात्र के दौरान कन्या पूजन की विशेष परंपरा रही है। इसी परंपरा के अंतर्गत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कन्याओं और बटुकों का पूजन कर महानवमी का अनुष्ठान संपन्न किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *