HomeArchitectureBreakingझांसी में सैन्य-नागरिक समन्वय सम्मेलन, हसारी रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण का रास्ता...

झांसी में सैन्य-नागरिक समन्वय सम्मेलन, हसारी रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण का रास्ता साफ

आशा स्कूल झांसी और बबीना को शिक्षा सुदृढ़ीकरण के लिए 18 लाख रुपये की सहायता

देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी। भारतीय सेना और नागरिक प्रशासन के बीच समन्वय को और मजबूत करने के उद्देश्य से झांसी में ‘व्हाइट टाइगर डिविजन’ के तत्वावधान में सैन्य-असैन्य संपर्क सम्मेलन (मिलिट्री-सिविल लियाज़न कॉन्फ्रेंस) आयोजित किया गया। सम्मेलन में प्रशासनिक, विकासात्मक और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान लंबे समय से प्रतीक्षित हसारी रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण सहित कई जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।सम्मेलन की सह-अध्यक्षता व्हाइट टाइगर डिविजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल मनदीप सिंह और झांसी-ललितपुर के सांसद अनुराग शर्मा ने की। दोनों ने क्षेत्र के विकास और साझा समस्याओं के समाधान के लिए सैन्य एवं नागरिक एजेंसियों के बीच निरंतर समन्वय और संवाद को आवश्यक बताया।मेजर जनरल मनदीप सिंह ने कहा कि सैन्य-नागरिक सहयोग ‘संपूर्ण राष्ट्र दृष्टिकोण’ का महत्वपूर्ण हिस्सा है। राष्ट्रीय सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी वर्तमान एवं भविष्य की चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए नागरिक प्रशासन के साथ मजबूत तालमेल जरूरी है। उन्होंने आपसी हित से जुड़े विषयों पर भारतीय सेना की ओर से नागरिक प्रशासन को निरंतर सहयोग का भरोसा दिलाया।सांसद अनुराग शर्मा ने बताया कि झांसी-मानिकपुर रेल सेक्शन के समपार संख्या-369, हसारी रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। कार्यदायी संस्था पुनिया कंस्ट्रक्शन कंपनी, हिसार को निर्माण सामग्री रखने के लिए भूमि उपलब्ध कराने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही ओवरब्रिज का निर्माण शुरू कराने पर सहमति बनी।बैठक में वार्ड नंबर-3 भट्टागांव में टैक्सी स्टैंड से खिरकपट्टी स्थित रामजी लाल के मकान तक सड़क निर्माण का मुद्दा भी उठा। सेना की अनुमति के कारण लंबित इस सड़क के निर्माण को आगे बढ़ाने के लिए रक्षा संपदा अधिकारी (डीईओ) को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।इसके अलावा केलिव बिहार से सिमराहा मार्ग के निर्माण, बबीना में स्टेशन रोड से ग्राम टपरियन की ओर जाने वाली करीब 600 मीटर सड़क पर नागरिकों की सुगम आवाजाही, बरुआसागर स्थित मूंशिल माता मंदिर से जुड़ी करीब 60 एकड़ सैन्य भूमि के परिवर्तन तथा सदर बाजार में पार्किंग व्यवस्था जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।सदर बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने और खान-पान के ठेले लगाने वालों के लिए अलग स्थान निर्धारित करने के मुद्दे पर भी अधिकारियों के बीच विचार-विमर्श हुआ। पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराने तथा इलाहाबाद बैंक चौराहे से सदर बाजार मार्ग तक लगे खंभों का रंग-रोगन कराने पर भी चर्चा की गई।बबीना कैंटोनमेंट बोर्ड क्षेत्र की सड़कों के नियमित रखरखाव और समय पर मरम्मत, कैंटोनमेंट बोर्ड के पार्कों में आम नागरिकों एवं बच्चों को खेल गतिविधियों की सुविधा देने तथा वर्ष 2005 से बबीना कैंट क्षेत्र में एनओसी बंद होने के कारण जमीन की खरीद-बिक्री में स्थानीय लोगों को आ रही समस्याओं पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। इन मामलों में सैन्य और नागरिक प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समाधान निकालने पर जोर दिया गया। सम्मेलन के दौरान विशेष बच्चों की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई। सांसद अनुराग शर्मा और जिला प्रशासन की ओर से आशा स्कूल झांसी तथा आशा स्कूल बबीना को कुल 18 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। इस राशि का उपयोग विशेष बच्चों के लिए शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाएगा।सम्मेलन का समापन राष्ट्रीय सुरक्षा, क्षेत्रीय विकास और सामुदायिक कल्याण के लिए सेना और नागरिक प्रशासन के बीच नियमित संवाद, आपसी विश्वास और संयुक्त प्रयासों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ।इस अवसर पर डीआईजी आकाश कुलहरि, जिलाधिकारी गौरांग राठी, नगर आयुक्त आकांक्षा राणा सहित सेना, रेलवे, विकास प्राधिकरण, कानून प्रवर्तन एजेंसियों और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments