HomeArchitectureBreakingठाणे में तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग ऑटो चालक को मारी टक्कर,...

ठाणे में तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग ऑटो चालक को मारी टक्कर, चेहरे और आंख पर गंभीर चोट

कार पर लगा था ‘नगरसेवक’ का स्टिकर, स्थानीय लोगों का दावा- नगरसेवक का पोता चला रहा था गाड़ी

इंद्र यादव/ठाणे। ठाणे में नए कलवा ब्रिज पर एक तेज रफ्तार किआ सेल्टोस कार ने बुजुर्ग ऑटो चालक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग के चेहरे और आंख के पास गंभीर चोटें आईं और वह खून से लथपथ हो गए। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। घायल बुजुर्ग का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।घटना ठाणे-बेलापुर रोड की ओर जाने वाले नए कलवा ब्रिज के ऊपरी हिस्से की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, किआ सेल्टोस कार तेज रफ्तार से आ रही थी और इसी दौरान उसने सड़क पर मौजूद बुजुर्ग ऑटो चालक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उनकी मदद की और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे में शामिल कार का नंबर MH04MZ9400 बताया गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार वाहन केतन जनार्दन नाइक के नाम पर पंजीकृत है और उसका पंजीकृत पता रहानाल, भिवंडी, ठाणे बताया जा रहा है। कार के पिछले शीशे पर ‘नगरसेवक’ लिखा स्टिकर भी लगा हुआ दिखाई दिया।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दावा किया कि कार एक नगरसेवक का पोता चला रहा था और उसके साथ उसके दोस्त भी मौजूद थे। हालांकि, चालक की पहचान और नगरसेवक से उसके कथित संबंध की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। बताया जा रहा है कि कार में सवार युवक कॉलेज जाने की बात कह रहे थे।हादसे के तुरंत बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और घायल बुजुर्ग की हालत देखकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। कुछ लोगों ने कार में मौजूद युवकों को घेर लिया। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि राजनीतिक पदों से जुड़े नाम और स्टिकर का इस्तेमाल कर कुछ लोग सड़कों पर लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे आम नागरिकों की जान खतरे में पड़ती है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन और घटना से संबंधित जानकारी जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के समय कार कौन चला रहा था, वाहन की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इन पहलुओं की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही यह भी मांग की गई है कि वाहन पर लगे ‘नगरसेवक’ स्टिकर और कार में सवार लोगों के किसी राजनीतिक पदाधिकारी से संबंध की भी जांच की जाए। इस हादसे ने एक बार फिर ठाणे की व्यस्त सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग से पैदा होने वाले खतरे को सामने ला दिया है। पुलिस की जांच के बाद घटना और कार चालक से संबंधित स्थिति अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments