
सूर्यापेट। तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार तड़के हैदराबाद-विजयवाड़ा नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। जानकारी के अनुसार, निजी बस हैदराबाद से विजयवाड़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान सूर्यापेट जिले में बस आगे चल रहे एक कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त बस में करीब 42 यात्री सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में छह यात्रियों की जान चली गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए विजयवाड़ा भेजा गया है। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर शोक जताते हुए कहा कि उनकी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मुख्य सचिव को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने और पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

