
पालघर। पालघर जिला कलेक्ट्रेट में राजस्व सहायक के पद पर कार्यरत स्नेहल सावंत की बुधवार को पुणे के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। करीब ढाई महीने पहले पालघर शहर में उन पर हंसिए से जानलेवा हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल सावंत तभी से अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही थीं। पुलिस के अनुसार, 12 जून की शाम करीब 6.30 बजे सावंत पालघर के मुद्रा अपार्टमेंट स्थित अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान गोल्ड सिनेमा इलाके के पास उनके कथित बॉयफ्रेंड अमोल मुले ने उन पर हंसिए से हमला कर दिया। आरोप है कि मुले ने सावंत की गर्दन और कमर पर कई वार किए और इसके बाद मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल सावंत को पहले बोइसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण बाद में बेहतर इलाज के लिए पुणे स्थानांतरित किया गया। दो महीने से अधिक समय तक चले इलाज के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और बुधवार को उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी की तलाश में स्थानीय अपराध शाखा और पालघर पुलिस की टीमें जुटी थीं। दो-तीन दिन की तलाश के बाद पुलिस ने मुले को वरखुंती इलाके से गिरफ्तार किया था। पालघर पुलिस स्टेशन में हमले के संबंध में मामला दर्ज किया गया था। प्रारंभिक तौर पर हमले के पीछे दोनों के रिश्ते से जुड़ा विवाद होने का संदेह जताया गया था। बताया गया है कि आरोपी अमोल मुले बॉम्बे हाईकोर्ट में कार्यरत था। स्नेहल सावंत की मौत के बाद मामले में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा सकती है। पालघर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

