दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार थार पलटी, आगरा के तीन युवकों की मौत
मसूरी घूमने जा रहे थे पांच दोस्त, दो घायल, चालक को झपकी आने की आशंका

सहारनपुर, उत्तर प्रदेश। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गांव बेलड़ा जुनारदार के पास रविवार तड़के तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में आगरा निवासी साहिल तिवारी (25), सक्षम उपाध्याय (22) और राहुल कुमार (25) की मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी सचिन वर्मा और हेमंत वर्मा घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, पांचों दोस्त शनिवार रात आगरा से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। रविवार तड़के करीब चार बजे गांव बेलड़ा जुनारदार के पास गोल चक्कर पर उनकी थार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन करीब 20 फीट रेलिंग तोड़ते हुए दूसरी ओर पलट गया। साहिल और सक्षम करीब 40 फीट नीचे खाई में जा गिरे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने साहिल, सक्षम और राहुल को मृत घोषित कर दिया। सचिन और हेमंत को उपचार के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, थार हेमंत चला रहा था, जबकि सचिन आगे की सीट पर बैठा था। साहिल, सक्षम और राहुल पीछे बैठे थे। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हादसे से करीब आठ घंटे पहले सक्षम ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर थार पर बैठे हुए एक वीडियो भी साझा किया था। हादसे के बाद घायल सचिन ने एक अज्ञात नंबर से अपने दोस्त नरेश की बहन को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन सहारनपुर पहुंचे। एसपी यातायात शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार के कारण हादसा होने की बात सामने आई है। घटनास्थल पर टीम भेजकर जांच कराई गई है और अन्य संभावित कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
