महाराष्ट्र FDA की बड़ी कार्रवाई, 4.19 करोड़ रुपये का करीब 1.97 लाख किलो खाद्य स्टॉक जब्त

छत्रपति संभाजीनगर के दो कोल्ड स्टोरेज के लाइसेंस निलंबित, पुणे के चाकण और निघोजे में भी कार्रवाई

मुंबई। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने ‘सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र’ अभियान के तहत त्योहारों के मद्देनजर छत्रपति संभाजीनगर जिले के दो कोल्ड स्टोरेज पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 1,97,480 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की है। जब्त स्टॉक की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 19 लाख 47 हजार 634 रुपये बताई गई है। रविवार को एफ़डीए से मिली जानकारी के अनुसार दोनों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए। 17 अक्टूबर को पैठण तहसील के बिडकीन स्थित ओ वेयरहाउसिंग प्रा.लि. पर बिना पूर्व सूचना निरीक्षण किया गया। यहां आवश्यक तापमान बनाए रखने वाली फ्रीजर और चिलर व्यवस्था कार्यरत नहीं मिली। कोल्ड रूम की उचित देखभाल नहीं की जा रही थी, खाद्य सामग्री अव्यवस्थित तरीके से रखी गई थी और कीट नियंत्रण की अधिकृत व्यवस्था भी नहीं पाई गई। यहां से 1,65,805 किलो मिर्च पाउडर और किशमिश जब्त की गई, जिसकी कीमत 3 करोड़ 89 लाख 40 हजार 350 रुपये है। इसमें 1,25,648 किलो बिना लेबल/अनब्रांडेड मिर्च पाउडर भी शामिल है। इसी दिन गंगापुर तहसील के शिवराई स्थित मराठवाड़ा कोल्ड स्टोरेज प्रा. लि. पर भी छापा मारा गया। निरीक्षण में FSSAI लाइसेंस प्रदर्शित नहीं करना, अपर्याप्त रोशनी, कर्मचारियों के लिए हाथ धोने की सुविधा का अभाव, तापमान रिकॉर्डिंग व्यवस्था न होना और FIFO नियमों का उल्लंघन जैसी खामियां सामने आईं। यहां से 31,675 किलो गुड़, किशमिश और पाश्चराइज्ड बटर जब्त किया गया, जिसकी कीमत 30 लाख 7 हजार 284 रुपये है। जब्त खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत न्यायालय में कार्रवाई की जाएगी। दोनों कोल्ड स्टोरेज के लाइसेंस तत्काल निलंबित किए गए हैं। FDA ने पुणे जिले के चाकण स्थित रिलायंस रिटेल लिमिटेड और निघोजे स्थित लिंकिट कॉमर्स प्रा. लि. पर भी कार्रवाई की। निरीक्षण में एक्सपायर्ड और खराब खाद्य पदार्थों के निस्तारण के पर्याप्त रिकॉर्ड न मिलना, चूहों और कॉकरोच की मौजूदगी, खाद्य सामग्री का अनुचित भंडारण और कोल्ड चेन से जुड़ी खामियां पाई गईं। दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर संबंधित पुलिस थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण राज्यभर में कोल्ड स्टोरेज, गोदामों और उत्पादन प्रतिष्ठानों की जांच जारी रहेगी। खाद्य गुणवत्ता या गड़बड़ी की शिकायत टोल-फ्री नंबर 1800-222-365 या FDA शिकायत पोर्टल पर की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *