बांद्रा में 14 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

कुरैशी नगर ग्राउंड के पास देर रात कार्रवाई, 2.10 लाख रुपये की मेफेड्रोन बरामद

इंद्र यादव
मुंबई।
बांद्रा पुलिस स्टेशन की डिटेक्शन टीम ने देर रात गश्त के दौरान एमडी ड्रग्स की कथित खरीद-बिक्री से जुड़े मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 14 ग्राम मेफेड्रोन (MD) बरामद करने का दावा किया है, जिसकी कीमत करीब 2.10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 की रात करीब 3:15 बजे बांद्रा पश्चिम के एस.वी. रोड स्थित कुरैशी नगर ग्राउंड के पास पेट्रोलिंग के दौरान 32 वर्षीय कलीम शमीम शेख की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तलाशी लेने पर उसके पास से कथित तौर पर 14 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 8(सी), 22(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ और आगे की जांच के आधार पर पुलिस ने निलोफर संडोले (50) और फिरोज शेख उर्फ ‘फिरोज चिकना’ (61) को भी गिरफ्तार किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ड्रग्स कहां से लाई गई थी, इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी और इस कथित नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। आरोपियों की भूमिका और संभावित सप्लाई चेन की भी जांच की जा रही है। बांद्रा पुलिस का कहना है कि इलाके में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर नजर रखने के लिए रात की गश्त और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *