
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक ज्योति अग्रवाल ने अपनी टीम और स्थानीय पुलिस के साथ थाना आसीवन क्षेत्र के ग्राम मालहीमऊ में छापेमारी की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एक नमकीन-चाय की गुमटी पर दबिश दी गई। छापेमारी के दौरान कुलदीप पुत्र सत्यकुमार सिंह, निवासी ग्राम मालहीमऊ, को कथित रूप से अवैध देशी शराब के पव्वे बेचते हुए पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 12 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद किए गए। आबकारी विभाग के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना आसीवन में उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कराया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री, निर्माण और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

