
तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर सातारा से किया गिरफ्तार
इंद्र यादव/मुंबई। भांडुप पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास और डकैती जैसे गंभीर मामलों में पिछले करीब 20 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान रविंद्र उर्फ पापलेट एकनाथ विचारे (51) के रूप में हुई है। वह सातारा जिले के नागठाणे क्षेत्र का निवासी है।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भांडुप पुलिस थाने में हत्या, हत्या के प्रयास और डकैती से जुड़े तीन गंभीर मामले दर्ज हैं। इन मामलों में अदालत ने उसे फरार घोषित करते हुए स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। लंबे समय से आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना नाम, पता और ठिकाना बदलकर रह रहा था।भांडुप पुलिस की अपराध प्रकटीकरण टीम ने आरोपी की तलाश के दौरान गुप्त सूचना और तकनीकी जांच का सहारा लिया। पुलिस ने आरोपी के दूर के रिश्तेदारों से भी पूछताछ की, जिसके बाद उसके सातारा जिले के नागठाणे क्षेत्र में छिपे होने की जानकारी मिली।सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नागठाणे पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने संबंधित मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसे भांडुप पुलिस थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 632/1990 के मामले में अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पुलिस का कहना है कि करीब दो दशक तक फरार रहने वाले आरोपी की गिरफ्तारी गुप्त सूचना, तकनीकी विश्लेषण और लगातार की गई जांच का परिणाम है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में भांडुप पुलिस की अपराध प्रकटीकरण टीम ने की।पुलिस का मानना है कि आधुनिक तकनीक और सतत जांच के माध्यम से लंबे समय से फरार आरोपियों को भी कानून के दायरे में लाया जा सकता है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की जांच जारी है।

